राज्यभर में तापमान 1–3 डिग्री और गिरने का अनुमान; रायपुर नगर निगम हाई अलर्ट पर, 12 से अधिक जगहों पर अलाव की व्यवस्था
छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन प्रभावित करना शुरू कर दिया है। सरगुजा में रात का तापमान 6.9°C तक लुढ़क गया, जबकि राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 13.3°C रिकॉर्ड किया गया। कई जिलों में लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं और नगर निगम भी हाई अलर्ट मोड पर आ गया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सर्दी का प्रकोप तेज़ हो गया है। सरगुजा संभाग में ठिठुरन लगातार बढ़ रही है और अंबिकापुर में रात का तापमान गिरकर 6.9°C तक पहुंच गया है। जशपुर, पेंड्रा और आसपास के इलाकों में सुबह-शाम लोग अलाव के सहारे ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, राजधानी रायपुर भी पिछले दो दिनों में ठंड की चपेट में आ गया है, जहां न्यूनतम तापमान 13.3°C दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 48 घंटों में तापमान में 1–3 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। बीते 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक तापमान 30.2°C दुर्ग में और सबसे कम 6.9°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। सरगुजा क्षेत्र में कोहरे की परत ने दृश्यता भी कम कर दी है, जिससे सुबह यातायात प्रभावित होता दिख रहा है।
रायगढ़ में भी बढ़ी सर्दी, बादल बने परेशानी
रायगढ़ जिले में भी ठंड ने पिछले दो दिनों में अपने तेवर दिखाए हैं। न्यूनतम तापमान 12.4°C और अधिकतम 26.7°C तक पहुंच गया है। बादल छाए रहने के कारण दिन में भी हल्की ठंड बनी रहती है। सुबह तेज़ ठंड से लोग परेशान हैं जबकि दोपहर में हल्की धूप कुछ राहत पहुंचाती है। शाम होते ही लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं। विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान और गिर सकता है तथा न्यूनतम तापमान 10°C तक जा सकता है।
रायपुर में निगम हाई अलर्ट, अलाव की व्यवस्था शुरू
राजधानी रायपुर में शीतलहर की दस्तक के बाद नगर निगम सक्रिय हो गया है। मेयर मीनल चौबे और कमिश्नर विश्वदीप के निर्देश पर शहर के प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। निगम ने 12 से अधिक लोकेशनों पर रातभर अलाव जलवाने के निर्देश दिए हैं, ताकि बेघर और राहगीरों को तुरंत राहत मिल सके। सभी जोन कमिश्नरों और हेल्थ अधिकारियों को फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा गया है। राज्यभर में जिस तरह तापमान लगातार नीचे जा रहा है, उससे अंदेशा है कि सर्दी आने वाले दिनों में और तीखी हो सकती है।