डेढ़ घंटे बाद काबू में आई लपटें; एक श्रमिक अब भी लापता, शवों के अवशेष पॉलीथीन में जुटाए गए
राजस्थान के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक केमिकल और पटाखा निर्माण इकाई में भीषण आग लगने से आठ मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के वक्त फैक्ट्री में करीब 25 श्रमिक काम कर रहे थे। दमकल की टीम ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जबकि एक मजदूर अब भी फंसा बताया जा रहा है।
भिवाड़ी (राजस्थान) (ए)। अलवर जिले के औद्योगिक शहर भिवाड़ी में सोमवार सुबह एक केमिकल-पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। हादसा खुशखेड़ा-करौली औद्योगिक क्षेत्र में सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। आग इतनी भयावह थी कि आठ मजदूर जिंदा जल गए। उनके शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक मजदूर के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका है।

घटना के समय फैक्ट्री में लगभग 25 मजदूर मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। कुछ श्रमिक बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई अंदर ही फंस गए। फैक्ट्री में ज्वलनशील केमिकल और पटाखा सामग्री रखी होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
एडीएम सुमिता मिश्रा ने बताया कि पुलिस को गश्त के दौरान आग की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। खुशखेड़ा और भिवाड़ी रीको फायर स्टेशन से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

हादसे के बाद का दृश्य बेहद दर्दनाक था। अधिकांश शव बुरी तरह झुलस गए थे और कई मामलों में केवल कंकाल जैसे अवशेष ही बचे। रेस्क्यू टीम ने फैक्ट्री परिसर में बिखरे बॉडी पार्ट्स को पॉलीथीन में एकत्र किया। शवों की पहचान के लिए डीएनए जांच की तैयारी की जा रही है।
फैक्ट्री मालिक का नाम राजेंद्र बताया जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। मौके पर एएसपी अतुल साहू, तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह, एसडीएम लाखन सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक तौर पर केमिकल सामग्री में विस्फोट या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।