‘सर्वजन हिताय’ थीम पर केंद्रित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 की शुरुआत; खेती, शिक्षा और स्वास्थ्य में एआई के भविष्य की झलक
राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का वैश्विक संगम शुरू हो गया। India AI Impact Summit 2026 के तहत दुनिया भर की अग्रणी टेक कंपनियां और नीति निर्माता एक मंच पर जुटे हैं। 20 फरवरी तक चलने वाले इस आयोजन में आम लोगों को भी एआई के भविष्य से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
नई दिल्ली (ए)। देश की राजधानी में 16 फरवरी से दुनिया के प्रमुख टेक्नोलॉजी आयोजनों में शामिल India AI Impact Summit 2026 का आगाज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 5 बजे इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे। यह समिट 20 फरवरी तक भारत मंडपम में आयोजित की जा रही है।
समिट के साथ ‘इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ भी आयोजित हो रहा है, जहां 30 से अधिक देशों की 300 से ज्यादा कंपनियां अपने अत्याधुनिक एआई उत्पाद और समाधान प्रदर्शित कर रही हैं। 70 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैली इस मेगा प्रदर्शनी में भविष्य की तकनीक की झलक देखने को मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर समिट में शामिल होने आए वैश्विक नेताओं, उद्योगपतियों, इनोवेटर्स और शोधकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की थीम मानवता के कल्याण के लिए एआई के उपयोग के साझा संकल्प को दर्शाती है।
आम लोगों के लिए क्या खास?
समिट में आम नागरिकों के लिए कई आकर्षण केंद्र बनाए गए हैं। एक्सपो में यह दिखाया जा रहा है कि एआई वास्तविक जीवन में कैसे काम करता है। खेती में फसल रोग पहचान, अस्पतालों में सटीक उपचार, भाषा अनुवाद, स्मार्ट हेल्थ मॉनिटरिंग और एआई ट्यूटर जैसे मॉडलों का लाइव डेमो प्रस्तुत किया जा रहा है।
छात्रों और युवाओं के लिए ‘YUVAi’ और ‘AI for ALL’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए एआई टूल्स की जानकारी दी जा रही है, ताकि वे पढ़ाई और करियर में तकनीक का बेहतर उपयोग कर सकें। इसके अलावा देश-विदेश के स्टार्टअप्स को अपने नवाचार प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है, जहां लोग सीधे इनोवेटर्स से संवाद भी कर सकते हैं। विशेष ‘एक्सपीरिएंस जोन’ और थीमैटिक पैवेलियन में आगंतुक एआई आधारित मशीनों और सॉफ्टवेयर का प्रत्यक्ष अनुभव ले सकते हैं। आयोजन का उद्देश्य एआई को आमजन से जोड़ते हुए विकास के प्रमुख क्षेत्रों—कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य—में इसके व्यापक उपयोग को रेखांकित करना है। समिट को भारत की डिजिटल नेतृत्व क्षमता और वैश्विक टेक परिदृश्य में उसकी बढ़ती भूमिका के रूप में देखा जा रहा है।