कई शहरों में धमाके, एयरस्पेस अलर्ट पर; अमेरिकी समर्थन की चर्चा के बीच क्षेत्र में बढ़ा तनाव
पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। शनिवार तड़के इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर एयरस्ट्राइक की, जिसके बाद इलाके में धमाकों और सायरन की आवाजें गूंज उठीं। हमले के तुरंत बाद ईरान ने भी जवाबी सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी।
तेहरान/तेल अवीव। इजराइल ने शनिवार को ईरान के कई अहम शहरों को निशाना बनाते हुए हवाई हमले किए। राजधानी तेहरान में लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया। कई इलाकों में एयर अटैक सायरन बजते रहे, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले में अमेरिका की भूमिका को लेकर भी चर्चा तेज है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बयान जारी कर कहा कि यह कदम क्षेत्र में अपने नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। हालांकि आधिकारिक तौर पर संयुक्त अभियान की पुष्टि नहीं हुई है।
हमले के तुरंत बाद ईरान ने भी अपनी वायुसेना को सक्रिय कर दिया। ईरानी फाइटर जेट्स ने उड़ान भरी और सैन्य ठिकानों को हाई अलर्ट पर रखा गया। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव ने पूरे पश्चिम एशिया में सुरक्षा चिंताएं बढ़ा दी हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि हालिया घटनाक्रम से क्षेत्रीय अस्थिरता और गहरा सकती है। फिलहाल दोनों देशों की ओर से आगे की कार्रवाई को लेकर कयासों का दौर जारी है।