पंडरी स्थित पुराने केंद्र की सेवाएं बंद, अब तेलीबांधा के वन हाई स्ट्रीट में मिलेगा पासपोर्ट से जुड़ा काम
रायपुर में पासपोर्ट सेवाओं को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। पासपोर्ट सेवा केंद्र को नए स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां से 6 अप्रैल 2026 से कामकाज शुरू होगा।
रायपुर। रायपुर में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र का पता बदल दिया गया है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के अंतर्गत आने वाला यह केंद्र अब पंडरी स्थित श्याम प्लाजा में संचालित नहीं होगा। विभाग द्वारा इसे तेलीबांधा मेन रोड स्थित वन हाई स्ट्रीट की दूसरी मंजिल में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां से 6 अप्रैल 2026 से नियमित सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि 6 अप्रैल या उसके बाद जिन आवेदकों की अपॉइंटमेंट निर्धारित है, उन्हें अपने तय समय और तिथि के अनुसार सीधे नए केंद्र पर ही पहुंचना होगा। पुराने पते पर अब किसी भी प्रकार की सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी।
आवेदकों से अपील की गई है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपनी अपॉइंटमेंट स्लिप में दिए गए विवरण को ध्यानपूर्वक देखें और उसी के अनुसार नए पासपोर्ट सेवा केंद्र में उपस्थित हों।