वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए नई हवाई सेवा की शुरुआत, सरगुजा क्षेत्र में व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
छत्तीसगढ़ में हवाई सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और अहम कदम उठाया गया है। अंबिकापुर को अब दिल्ली और कोलकाता से सीधी हवाई सुविधा मिल गई है, जिससे उत्तर छत्तीसगढ़ की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
रायपुर। प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत बनाने की दिशा में अंबिकापुर–दिल्ली–कोलकाता हवाई सेवा का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चंदखुरी स्थित पुलिस अकादमी से वर्चुअल माध्यम से इस नई सेवा की शुरुआत करते हुए कहा कि आम लोगों को सुलभ हवाई यात्रा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री की उस सोच का उल्लेख किया, जिसमें आम नागरिक तक हवाई यात्रा की सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, और कहा कि प्रदेश में यह सपना अब धीरे-धीरे साकार हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने सरगुजा अंचल को इस सुविधा के लिए बधाई देते हुए कहा कि इससे दिल्ली और कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों से सीधा जुड़ाव स्थापित होगा, जिससे व्यापार, निवेश और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि राज्य में हवाई सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, जिसमें बिलासपुर में नाइट लैंडिंग सुविधा और नई योजनाओं के माध्यम से घरेलू उड़ानों को प्रोत्साहन भी शामिल है।
इस सेवा के शुरू होने से अंबिकापुर और सरगुजा संभाग को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। प्राकृतिक संपदा और पर्यटन स्थलों से समृद्ध इस क्षेत्र में अब पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है, वहीं स्थानीय उत्पादों को भी बड़े बाजार तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। नई हवाई सेवा से क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है।