उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी बधाई, कहा—यह प्रदेश की ऐतिहासिक उपलब्धि
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ मिली बड़ी सफलता के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश को विकास, शांति और समृद्धि के नए युग में प्रवेश करने वाला बताया है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए इसे ऐतिहासिक क्षण बताया।
रायपुर। नक्सलवाद के खिलाफ जारी अभियान में मिली अहम सफलता के बाद प्रदेश में नई उम्मीदों का माहौल बन गया है। इसी कड़ी में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की और उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी। इस दौरान उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ अब विकास और विश्वास के नए युग में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों तक नक्सलवाद प्रदेश की प्रगति में बड़ी बाधा बना रहा, खासकर बस्तर क्षेत्र लंबे समय तक इसके प्रभाव में रहा। अब हालात तेजी से बदल रहे हैं और नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास की रफ्तार तेज हो रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत हो रहा है, जिससे आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव स्पष्ट दिखाई दे रहा है। बस्तर सहित पूरे राज्य में अब विकास की मुख्यधारा सुदृढ़ हो रही है।
मुख्यमंत्री ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की स्पष्ट नीति और मजबूत नेतृत्व को दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से भयमुक्त छत्तीसगढ़ का सपना साकार हो रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने नक्सल विरोधी अभियान में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जवानों के बलिदान, साहस और समर्पण ने इस सफलता की नींव रखी है।
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि नक्सलमुक्त माहौल में अब छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान मजबूत करेगा।