20 अप्रैल से 15 जून तक सभी स्कूल रहेंगे बंद, छात्रों के स्वास्थ्य को देखते हुए सरकार का फैसला
*प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। पहले 1 मई से प्रस्तावित ग्रीष्मकालीन अवकाश को संशोधित करते हुए अब 20 अप्रैल से ही सभी स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं, ताकि छात्रों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके।*
रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय महानदी भवन से जारी आदेश के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश की तिथि में बदलाव किया है। अब राज्य के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त तथा अशासकीय विद्यालयों में 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक अवकाश रहेगा।

गौरतलब है कि इससे पूर्व जारी आदेश में यह अवकाश 1 मई से 15 जून तक निर्धारित किया गया था, लेकिन तापमान में लगातार वृद्धि और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित दुष्प्रभाव को देखते हुए शासन ने समय से पहले ही छुट्टियां घोषित करने का निर्णय लिया है।
हालांकि, यह आदेश शिक्षकों पर लागू नहीं होगा। शिक्षक पूर्व निर्धारित निर्देशों के अनुसार अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे। साथ ही 22 सितंबर 2025 के पूर्व आदेश की अन्य सभी शर्तें यथावत लागू रहेंगी।
राज्य शासन के इस निर्णय से जहां छात्रों और अभिभावकों को राहत मिली है, वहीं भीषण गर्मी के बीच यह कदम विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।