आंध्र में 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं, रेल-हवाई सेवाएं प्रभावित; एमपी-यूपी समेत 9 राज्यों में अलर्ट
विशाखापट्टनम/भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद तटीय क्षेत्रों में असर दिखा रहा है। मंगलवार देर रात 3:30 बजे आए तूफान के दौरान 125 से 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और कई इलाकों में भारी बारिश हुई। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई है।
रेलवे ने 50 ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि विजयवाड़ा और विशाखापट्टनम एयरपोर्ट की 21 उड़ानें निरस्त की गई हैं। संभावित आपदा से निपटने के लिए आंध्र प्रदेश और ओडिशा में 4,000 चक्रवात आश्रय केंद्र तैयार रखे गए हैं।

ओडिशा में स्कूल बंद, हजारों लोगों को निकाला
भारी बारिश को देखते हुए ओडिशा के 16 जिलों में स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर 30 हजार लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव की तैयारियों पर नजर रखे हुए है।

छत्तीसगढ़ में 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश के आसार
तूफान के प्रभाव से कई राज्यों में मौसम बदलने की संभावना है। छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान है। पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी बारिश हो सकती है।
बिहार और झारखंड में 28 से 30 अक्टूबर के बीच बारिश की संभावना जताई गई है। बिहार में 29 और 30 अक्टूबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 29-30 अक्टूबर को भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा में तेज हवाओं तथा निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है।