दस्तावेज लेकर आरोपियों ने अलग-अलग बैंकों से उठाया कर्ज, किश्तों के नोटिस से खुला राज
राजधानी रायपुर में आसान लोन का झांसा देकर लाखों की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उसकी जानकारी के बिना विभिन्न बैंकों से कर्ज निकाल लिया।
रायपुर। राजधानी में बैंक लोन दिलाने के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है, जिसमें आरोपियों ने एक व्यक्ति को आसान प्रक्रिया से ऋण दिलाने का झांसा देकर उसके साथ 27 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी कर डाली।
पंडरी थाना पुलिस के अनुसार, पीड़ित कृष्णा राव से आरोपियों जीतेश कुमार चंद्राकर और होरी लाल ने संपर्क कर भरोसा दिलाया कि वे उसे शीघ्र और बिना किसी परेशानी के बैंक लोन दिलवा देंगे। इसके लिए उन्होंने पीड़ित से आवश्यक दस्तावेजों के साथ 5 हजार रुपए नगद भी जमा करा लिए।
आरोप है कि जुलाई से अगस्त 2025 के बीच आरोपियों ने पीड़ित के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल करते हुए विभिन्न बैंकों से उसके नाम पर कुल 27.50 लाख रुपए का कर्ज उठा लिया। इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी पीड़ित को नहीं दी गई।
मामले का खुलासा तब हुआ जब बैंक की ओर से ऋण की किश्तों और बकाया राशि को लेकर नोटिस आने लगे। इससे चौंके पीड़ित ने तुरंत पुलिस की शरण ली और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति या एजेंट को अपने बैंक संबंधी दस्तावेज सौंपने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।