रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई, 245 किलो गांजा व अर्टिगा कार जब्त
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बिलासपुर। बिलासपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रतनपुर थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर 245 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपये बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मारुति अर्टिगा कार (कीमत लगभग 8 लाख रुपये), एक मोबाइल फोन और दो नंबर प्लेट भी जब्त की हैं। इस पूरी जप्ती की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख 56 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों—अमित कुमार केवट (33 वर्ष), निवासी भुतहीटोला थाना बुढार जिला शहडोल (मध्य प्रदेश) और नीरज शुक्ला (30 वर्ष), निवासी भदरा कालरी थाना भालूमाड़ा जिला अनुपपुर (मध्य प्रदेश)—को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।