सोना ऑल टाइम हाई से करीब ₹26 हजार नीचे, चांदी 91 दिन में ₹1.46 लाख कमजोर
वैश्विक बाजार में मुनाफावसूली और कमजोर मांग के असर से इस सप्ताह सर्राफा बाजार में सोना और चांदी दोनों दबाव में रहे। सोना ₹1,216 प्रति 10 ग्राम टूटकर ₹1.50 लाख के करीब पहुंच गया, जबकि चांदी ₹3,389 प्रति किलो सस्ती होकर ₹2.40 लाख पर आ गई।
नई दिल्ली (ए)। इस सप्ताह सोना और चांदी की कीमतों में नरमी दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, सोना बीते सप्ताह 25 अप्रैल के ₹1,51,479 प्रति 10 ग्राम के मुकाबले ₹1,216 घटकर ₹1,50,263 पर बंद हुआ। वहीं चांदी भी कमजोरी के साथ कारोबार करती रही। इसकी कीमत ₹2,43,720 प्रति किलो से घटकर ₹2,40,331 प्रति किलो रह गई। इस तरह एक सप्ताह में चांदी ₹3,389 सस्ती हुई।
ऊंचाई से नीचे आया सोना
साल की शुरुआत में सोने में लगातार तेजी देखी गई थी। 31 दिसंबर 2025 को सोना ₹1.33 लाख प्रति 10 ग्राम था, जो 29 जनवरी 2026 को बढ़कर ₹1.76 लाख के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि अब यह अपने उच्चतम स्तर से करीब ₹26 हजार नीचे आ चुका है।
चांदी में ज्यादा उतार-चढ़ाव
चांदी ने भी इस साल रिकॉर्ड तेजी दिखाई थी। 31 दिसंबर 2025 को इसका भाव ₹2.30 लाख प्रति किलो था, जो 29 जनवरी 2026 को ₹3.86 लाख प्रति किलो के शिखर पर पहुंच गया। इसके बाद लगातार गिरावट से 91 दिनों में चांदी ₹1.46 लाख टूटकर ₹2.40 लाख प्रति किलो पर आ गई।
बाजार पर नजर
विशेषज्ञों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय हालात, डॉलर की चाल और निवेशकों की मुनाफावसूली के कारण सर्राफा बाजार में दबाव बना हुआ है। आने वाले दिनों में वैश्विक संकेतों के आधार पर कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।