प्लेऑफ की उम्मीद बचाने जीत जरूरी, धोनी की उपलब्धता पर अब भी संशय
आईपीएल 2026 में संघर्ष कर रही दो दिग्गज टीमें चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस शनिवार को चेपॉक स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है, क्योंकि हार से प्लेऑफ की राह और कठिन हो जाएगी।
चेन्नई (ए)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के अहम मुकाबले में शनिवार शाम चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच चेपॉक में भिड़ंत होगी। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले चेन्नई के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है।
अंक तालिका में दोनों टीमों की स्थिति मजबूत नहीं है। चेन्नई ने अब तक 8 मैचों में 3 जीत और 5 हार दर्ज की है, जबकि मुंबई ने 8 मुकाबलों में सिर्फ 2 जीत हासिल की है और 6 बार हार झेली है। ऐसे में हारने वाली टीम के लिए प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म हो सकती हैं।
इस सीजन दूसरी बार आमना-सामना
दोनों टीमों के बीच इस सीजन का यह दूसरा मुकाबला होगा। इससे पहले 23 अप्रैल को मुंबई में खेले गए मैच में चेन्नई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई को 103 रन से हराया था।
हेड-टू-हेड में मुंबई आगे
आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 40 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें मुंबई इंडियंस ने 21 और चेन्नई सुपर किंग्स ने 19 मैच जीते हैं। पिछले सीजन दोनों टीमों ने एक-एक मुकाबला अपने नाम किया था। चेपॉक में दोनों के बीच 9 मैच खेले गए हैं, जिसमें मुंबई ने 5 और चेन्नई ने 4 मुकाबले जीते हैं।
चेन्नई की ताकत बने सैमसन
चेन्नई के बल्लेबाज संजू सैमसन शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इस सीजन 8 पारियों में 2 शतक की मदद से 300 से अधिक रन बनाए हैं और टीम के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। गेंदबाजी में जेमी ओवरटन और अंशुल कंबोज ने प्रभाव छोड़ा है। ओवरटन ने दिल्ली के खिलाफ 4 विकेट लेकर शानदार स्पेल डाला था, जबकि कंबोज 8 मैचों में 14 विकेट लेकर टीम के शीर्ष विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
मुंबई के लिए हर मैच फाइनल
मुंबई इंडियंस के लिए अब हर मुकाबला नॉकआउट जैसा बन गया है। ओपनर रायन रिकल्टन बेहतरीन लय में हैं और 6 मैचों में 260 रन बना चुके हैं। पिछले मैच में उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ नाबाद 123 रन की तूफानी पारी खेली थी। गेंदबाजी में अल्लाह गजनफर ने 6 मैचों में 10 विकेट लेकर टीम को मजबूती दी है।
नजरें बड़े मुकाबले पर
दोनों टीमों के लिए यह मैच सिर्फ दो अंक का नहीं, बल्कि टूर्नामेंट में बने रहने की लड़ाई है। ऐसे में चेपॉक में रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा रही है।