विवेक विहार हादसे में 15 लोगों को बचाया गया, कई शव बुरी तरह झुलसे; AC ब्लास्ट या शॉर्ट सर्किट की आशंका
राजधानी दिल्ली के शाहदरा स्थित विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं, पुरुष और डेढ़ साल का बच्चा शामिल है। दमकल विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
नई दिल्ली (ए)। राजधानी के शाहदरा क्षेत्र के विवेक विहार में रविवार सुबह एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग ने नौ जिंदगियां छीन लीं। हादसे में चार पुरुष, चार महिलाएं और डेढ़ साल के एक मासूम की मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि कई शव बुरी तरह जल गए, जिनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है।
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार सुबह करीब 3.47 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची दमकल टीमों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह आठ बजे आग पर काबू पाया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान इमारत में फंसे 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
कई शव अलग-अलग मंजिलों से मिले
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, बिल्डिंग के पहले फ्लोर से एक शव, दूसरे फ्लोर से पांच शव और सीढ़ियों के पास तीन शव बरामद किए गए। माना जा रहा है कि लोग जान बचाने के लिए छत की ओर भागे थे, लेकिन धुआं और आग के कारण बाहर नहीं निकल सके।

स्थानीय पार्षद पंकज लूथरा ने बताया कि कुछ शव इतने बुरी तरह झुलस गए हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल है। कई मामलों में डीएनए जांच के बाद ही मृतकों की पुष्टि हो सकेगी।
एक ही परिवार के कई सदस्य हताहत
दूसरी मंजिल पर मिले मृतकों की पहचान अरविंद जैन (60), उनकी पत्नी अनीता जैन (58), बेटे निशांत जैन (35), बहू आंचल जैन (33) और डेढ़ साल के पोते आकाश जैन के रूप में हुई है।
तीसरी मंजिल पर नितिन जैन (50), उनकी पत्नी शैले जैन (48) और बेटे सम्यक जैन (25) मृत पाए गए। पहली मंजिल पर शिखा जैन (45) का शव मिला, जबकि उनके पति नवीन जैन घायल हो गए।
खिड़कियों की ग्रिल बनी बाधा
दमकल अधिकारियों ने बताया कि इमारत के प्रत्येक फ्लोर पर दो-दो 4BHK फ्लैट बने थे। आग इमारत के पिछले हिस्से से शुरू हुई और वहीं सबसे अधिक नुकसान हुआ। कुल छह फ्लैटों का सामान जलकर खाक हो गया।
फायर अधिकारियों के अनुसार खिड़कियों और बालकनी पर लगी लोहे की ग्रिल और रॉड के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आईं। इसके बावजूद करीब 15 लोगों को बाहर निकाल लिया गया।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
प्रारंभिक तौर पर कुछ लोगों ने शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह बताया है, जबकि स्थानीय निवासियों का कहना है कि एसी में धमाके के बाद आग फैली। फिलहाल प्रशासन ने आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।