कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर सर्च ऑपरेशन के दौरान हादसा, बम निष्क्रिय करते समय हुआ विस्फोट; जनवरी में थी संजय की शादी
छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा बिछाई गई IED को निष्क्रिय करते समय हुए विस्फोट में चार जवान शहीद हो गए। रविवार सुबह शहीदों को अंतिम सलामी दी गई, जिसके बाद पार्थिव शरीर गृह ग्रामों के लिए रवाना किए गए। अंतिम विदाई के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा और परिजनों की आंखें नम हो उठीं।
कांकेर/जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में शनिवार को हुए IED विस्फोट ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया। नक्सलियों द्वारा बिछाए गए विस्फोटक को निष्क्रिय करते समय हुए धमाके में चार जवान शहीद हो गए। रविवार सुबह नारायणपुर और कांकेर में शहीद जवानों को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई।
श्रद्धांजलि समारोह के दौरान माहौल गमगीन हो गया। साथियों ने सलामी दी तो परिजनों की आंखों से आंसू छलक पड़े। बाद में सभी शहीदों के पार्थिव शरीर उनके गृह ग्रामों के लिए रवाना किए गए।
जनवरी में थी शादी, तिरंगे में लौटा संजय
शहीद DRG जवान कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले की कुछ समय पहले ही सगाई हुई थी। परिवार ने अगले वर्ष 15 जनवरी को उनकी शादी तय की थी, लेकिन शादी की तैयारियों से पहले ही उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचा।
जैसे ही संजय का शव उनके गृह ग्राम हाराडूला पहुंचा, पूरे गांव में “शहीद संजय अमर रहें” के नारे गूंज उठे। ग्रामीणों और परिजनों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार सुरक्षा बल शनिवार सुबह सरेंडर कर चुके नक्सलियों से मिले इनपुट के आधार पर कोरोसकोडा जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। इसी दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED की जानकारी मिली।
जब जवान विस्फोटक को निष्क्रिय करने की कार्रवाई कर रहे थे, तभी अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि तीन जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घायल जवान ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना में घायल जवान परमानंद कोर्राम को गंभीर हालत में बेहतर उपचार के लिए रायपुर एयरलिफ्ट किया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
पूरे प्रदेश में शोक की लहर
घटना के बाद सुरक्षा बलों और आम लोगों में शोक की लहर है। शहीद जवानों के बलिदान को नमन करते हुए लोगों ने नक्सल हिंसा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।