मध्यमग्राम में प्रोफेशनल शूटर्स ने किया हमला, 10 राउंड फायरिंग से दहला इलाका
पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा के बीच बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मध्यमग्राम में कार सवार हमलावरों ने उनकी स्कॉर्पियो का रास्ता रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमले में चंद्रनाथ की मौके पर मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है।
कोलकाता (ए)। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार रात भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके की है, जहां प्रोफेशनल अंदाज में अंजाम दिए गए इस हमले से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार 42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ बुधवार रात करीब 10:30 बजे कोलकाता से अपने घर मध्यमग्राम लौट रहे थे। वे स्कॉर्पियो वाहन में ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठे थे। उनके साथ वाहन में एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। इसी दौरान डोलतला और मध्यमग्राम के बीच एक संदिग्ध कार ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसके तुरंत बाद बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार एक हमलावर मौके पर पहुंचा और स्कॉर्पियो की बाईं ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावर ने 6 से 10 राउंड गोलियां चलाईं। चंद्रनाथ रथ को चार गोलियां लगीं, जिनमें दो गोलियां सीने के आर-पार हो गईं, जबकि एक गोली पेट में लगी। हमले में ड्राइवर बुद्धदेब बेरा भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी कार छोड़कर बाइक से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ रथ को मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
फोरेंसिक जांच में शुरुआती तौर पर सामने आया है कि हमलावरों ने अत्याधुनिक ग्लॉक 47X पिस्टल का इस्तेमाल किया। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की वारदात को पेशेवर शूटरों ने अंजाम दिया है। हमलावर हेलमेट पहने हुए थे और उनकी बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस ने घटनास्थल से एक कार जब्त की है, लेकिन उसका नंबर फर्जी पाया गया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चंद्रनाथ रथ की स्कॉर्पियो घटनास्थल से गुजरती दिखाई दे रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
इस बीच भाजपा ने घटना को राजनीतिक साजिश बताते हुए टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए दावा किया कि पिछले दो-तीन दिनों से चंद्रनाथ रथ की रेकी की जा रही थी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है।
गौरतलब है कि राज्य में चुनावी नतीजों के बाद हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीते कुछ दिनों में राजनीतिक जुड़ाव रखने वाले कई लोगों की हत्या हो चुकी है, जिससे बंगाल की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।