ऑनलाइन टिकट मिनटों में सोल्ड आउट, रायपुर में एजेंटों का नेटवर्क सक्रिय; क्रिकेट फैंस परेशान
रायपुर में होने वाले आईपीएल मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है, लेकिन टिकटों की कालाबाजारी ने फैंस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ऑनलाइन टिकट बिक्री बंद होने के बाद एजेंट कई गुना ज्यादा कीमत पर टिकट बेच रहे हैं। हालात यह हैं कि 3 हजार रुपए का टिकट ब्लैक में 6 हजार से लेकर 16 हजार रुपए तक में बेचा जा रहा है।
रायपुर। राजधानी रायपुर में आईपीएल का रोमांच चरम पर पहुंच चुका है। शहीद वीरनारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला होना है, जबकि 13 मई को आरसीबी और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने होंगी। लेकिन मैच से पहले टिकटों की कालाबाजारी ने खेल प्रेमियों की चिंता बढ़ा दी है।
ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू होते ही कुछ ही देर में अधिकांश टिकट ‘सोल्ड आउट’ हो गए। इसके बाद शहर में टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग शुरू हो गई। एजेंट और बिचौलिए अब टिकटों को कई गुना अधिक कीमत पर बेच रहे हैं। बाजार में 3 हजार रुपए का टिकट 6 हजार रुपए तक और प्रीमियम स्टैंड के टिकट 16 हजार रुपए तक में बेचे जाने की जानकारी सामने आई है।
दैनिक भास्कर की टीम ने मामले की पड़ताल के लिए दो दिनों तक स्टिंग ऑपरेशन किया। जांच के दौरान एक ऐसे एजेंट से संपर्क हुआ, जिसने खुलेआम ऊंचे दामों पर टिकट उपलब्ध कराने का दावा किया। एजेंट ने बातचीत में बताया कि अपर स्टैंड का टिकट 6 हजार, लोअर स्टैंड का 7 हजार और ए-बी स्टैंड का टिकट 16 हजार रुपए तक में उपलब्ध कराया जा सकता है।
एजेंट ने यह भरोसा भी दिलाया कि टिकट पूरी तरह ‘कन्फर्म’ होगा और स्टेडियम में एंट्री को लेकर कोई परेशानी नहीं होगी। इससे यह साफ संकेत मिल रहा है कि शहर में संगठित तरीके से टिकटों की कालाबाजारी का नेटवर्क सक्रिय है।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक टिकट केवल आरसीबी की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। टिकटों की शुरुआती कीमत 2 हजार रुपए रखी गई है। इसके अलावा 2500, 3500, 5000 और 8000 रुपए तक की श्रेणियां तय की गई हैं।
वहीं टिकट नहीं मिलने से क्रिकेट प्रेमियों में नाराजगी भी बढ़ रही है। क्रिकेट फैन राहुल वर्मा का कहना है कि वे लगातार तीन दिनों से ऑनलाइन टिकट बुक करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हर बार ‘सोल्ड आउट’ का मैसेज आ रहा है। उनका कहना है कि अब असली क्रिकेट प्रेमियों की जगह केवल ज्यादा पैसे खर्च करने वाले लोग ही स्टेडियम तक पहुंच पा रहे हैं।
इसी तरह तेलीबांधा निवासी निलेश साहू ने कहा कि रायपुर में आईपीएल मैच होना गर्व की बात है, लेकिन टिकटों की कालाबाजारी ने आम लोगों की पहुंच से मैच को दूर कर दिया है। उन्होंने मांग की कि प्रशासन को ब्लैक मार्केटिंग पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि वास्तविक दर्शकों को उचित कीमत पर टिकट मिल सके।