210 किलो स्क्रैप कॉपर चोरी मामले में अब तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, मुख्य आरोपी पहले ही भेजा जा चुका है जेल
दुर्ग-भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में अवैध रूप से प्रवेश कर 210 किलो स्क्रैप कॉपर चोरी करने वाले गिरोह के दो फरार आरोपियों को भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी पिछले करीब दो महीने से फरार चल रहे थे। इससे पहले इस मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था। पुलिस के अनुसार अब इस चोरी कांड में शामिल तीनों आरोपी कानून के शिकंजे में हैं।
दो महीने से फरार थे आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश कुहीकर (34) निवासी कुरूद और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू निषाद (31) निवासी मरोदा के रूप में हुई है। दोनों वारदात के बाद से लगातार ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस को 27 जुलाई को दोनों की मौजूदगी की सूचना मिली, जिसके बाद घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
24 मई को हुई थी चोरी की घटना
पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने भिलाई इस्पात संयंत्र के प्लेट मिल-03 के पीछे कुछ संदिग्ध लोगों को प्लांट परिसर में अवैध रूप से प्रवेश कर स्क्रैप कॉपर चोरी करते हुए देखा था। इसके बाद सीआईएसएफ ने भिलाई भट्ठी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुख्य आरोपी से बरामद हुआ था स्क्रैप कॉपर
जांच के दौरान मुख्य आरोपी नेमचंद यादव (32) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया 210 किलो स्क्रैप कॉपर बरामद किया गया था। बरामद कॉपर की अनुमानित कीमत करीब ₹1.26 लाख आंकी गई है। नेमचंद यादव को घटना वाले दिन ही न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया था।
बिना अनुमति प्लांट में घुसे थे तीनों आरोपी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपियों ने पूर्व नियोजित योजना के तहत बिना अनुमति भिलाई स्टील प्लांट परिसर में प्रवेश किया और वहां रखे स्क्रैप कॉपर को चोरी करने का प्रयास किया। इसी दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने उन्हें देख लिया और कार्रवाई की।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पूछताछ में मुख्य आरोपी नेमचंद यादव के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।