कार्यपालन अभियंता से लेकर उप अभियंता तक के अधिकारी प्रभावित; आयुक्त संबित मिश्रा ने जारी किया आदेश, तत्काल प्रभाव से लागू
रायपुर नगर निगम में प्रशासनिक स्तर पर व्यापक फेरबदल किया गया है। निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने 11 अधिकारियों की नई पदस्थापना का आदेश जारी किया है। इसमें कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और उप अभियंता स्तर के अधिकारी शामिल हैं। अधिकारियों को अलग-अलग जोन और निगम मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
रायपुर। नगर निगम की प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए मुख्यालय और विभिन्न जोनों में पदस्थ 11 इंजीनियरिंग अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। आदेश के तहत मुख्यालय में कार्यपालन अभियंता के पद पर पदस्थ पदमाकर श्रीवास को जोन क्रमांक 5 की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं जोन-5 के कार्यपालन अभियंता लाल महेन्द्र प्रताप सिंह को जोन-6 भेजा गया है।
जोन-6 में पदस्थ कार्यपालन अभियंता दिनेश कुमार सिन्हा को अब जोन-10 की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं जोन-10 के कार्यपालन अभियंता गजाराम कंवर को मुख्यालय की उद्यान शाखा में पदस्थ किया गया है।
सहायक अभियंताओं की पदस्थापना में भी बदलाव किया गया है। जोन-7 के सहायक अभियंता शत्रुघन देशलहरे को जोन-8 भेजा गया है। जोन-4 के सहायक अभियंता दीपक देवांगन को प्रभारी कार्यपालन अभियंता की जिम्मेदारी देते हुए मुख्यालय की योजना शाखा, 15वें वित्त आयोग और लोक कर्म विभाग से संबंधित कार्य सौंपे गए हैं।
मुख्यालय में पदस्थ सहायक अभियंता संदीप तिवारी को जोन-4 की जिम्मेदारी दी गई है। सहायक अभियंता संस्कार शर्मा को महापौर कार्यालय के साथ 15वें वित्त आयोग और उद्यान शाखा का काम सौंपा गया है।
उप अभियंता स्तर पर भी फेरबदल किया गया है। जोन-10 के उप अभियंता वसीम खान को प्रभारी सहायक अभियंता बनाकर स्वच्छ भारत मिशन का दायित्व दिया गया है। मुख्यालय की उप अभियंता अर्जिता दीवान को प्रभारी सहायक अभियंता के रूप में जोन-7 में पदस्थ किया गया है।
जोन-8 के उप अभियंता योगेन्द्र साहू को मुख्यालय भेजा गया है। उन्हें योजना शाखा, 15वें वित्त आयोग और लोक कर्म विभाग से संबंधित जिम्मेदारियां दी गई हैं। निगम प्रशासन के मुताबिक अधिकारियों का यह फेरबदल प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना पर तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।