कथित प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर रची थी साजिश; लाइब्रेरी से घर लौटते समय वारदात, सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस पहुंची आरोपियों तक
बालोद शहर में सिंचाई कॉलोनी के पास युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले में पुलिस ने 8 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर ने अपने दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया।
बालोद। बालोद शहर की सिंचाई कॉलोनी में 5 अक्टूबर को लाइब्रेरी से घर लौट रही युवती पर एक युवक ने एसिड फेंक दिया था। हमले में युवती घायल हो गई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में सर्च अभियान चलाया गया। उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर संदिग्धों से पूछताछ की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ शहर के अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर पर संदेह गहराया। पूछताछ में वह पुलिस को अलग-अलग जानकारी देकर गुमराह करने की कोशिश करता रहा। कड़ाई से पूछताछ में उसने युवती के साथ प्रेम संबंध होने और विवाद के बाद वारदात की साजिश रचने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार यश ने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल के दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर युवती पर एसिड फेंकने की योजना बनाई थी। करण को 26 सितंबर को बालोद बुलाया गया था। इसके बाद दोनों ने एसिड की व्यवस्था कर घटना को अंजाम देने की योजना बनाई, लेकिन गणेश झांकी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए उस समय वारदात नहीं की।
पुलिस के मुताबिक 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे युवती जब लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, तब यश के कहने पर करण ने उस पर एसिड फेंका और वहां से फरार हो गया। वह तांदुला बांध की ओर गया और बाद में अलग-अलग स्थानों से होते हुए चारामा पहुंचा।
यश से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने करण की तलाश शुरू की और उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एसिड और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने महिलाओं और युवतियों से संबंधित किसी भी तरह की धमकी, पीछा करने या परेशान करने की घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।