सेप्टिक लाइन की सफाई के दौरान कर्मचारियों को दिखी बोरी, पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा; पहचान का प्रयास जारी
दुर्ग-भिलाई। भिलाई के सिविक सेंटर स्थित भिलाई निवास के पीछे मंगलवार को बोरी में मानव सिर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बीएसपी की सेप्टिक लाइन में पानी जाम होने की शिकायत पर सफाई करने पहुंचे कर्मचारियों को यह सिर मिला। सूचना पर पहुंची भिलाई नगर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सेप्टिक लाइन की सफाई के दौरान कर्मचारियों की नजर बोरी पर पड़ी। जांच करने पर उसके भीतर मानव सिर दिखाई दिया। कर्मचारियों ने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद सिर को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
सड़ने के कारण पहचान में परेशानी
बरामद सिर की हालत काफी खराब बताई जा रही है। इसके लंबे समय से वहां पड़े होने की आशंका है। सिर बुरी तरह सड़ जाने के कारण फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। प्रारंभिक तौर पर नर कंकाल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
सभी पहलुओं पर जांच
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सिर वहां कैसे पहुंचा। इसके सेप्टिक लाइन में बहकर आने की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मामले में किसी आपराधिक घटना की भूमिका है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मृतक की पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा आगे की जांच के बाद हो सकेगा।