आंध्र प्रदेश के सरकारी स्कूल में पढ़ाई के दौरान मची चीख-पुकार, सहेली को बचाने पहुंची छात्रा भी जख्मी; एक की हालत गंभीर, रेलवे स्टेशन से आरोपी गिरफ्तार
अनंतपुर। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में सरकारी स्कूल की कक्षा के भीतर एक युवक ने खतरनाक चेनसॉ मशीन से दो छात्राओं पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। वारदात में दसवीं कक्षा की एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि अपनी सहेली को बचाने के लिए आगे आई दूसरी छात्रा भी हमले में जख्मी हो गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने फरार आरोपी को धर्मावरम रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है।

घटना शनिवार 31 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे राप्ताडु गांव स्थित जिला परिषद हाईस्कूल में हुई। उस समय दसवीं कक्षा में पढ़ाई चल रही थी और शिक्षिका भी मौजूद थीं। इसी दौरान 21 वर्षीय युवक हाथ में पावर चेनसॉ लेकर सीधे कक्षा में पहुंचा। वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उसने एक छात्रा पर हमला शुरू कर दिया।
हमले में छात्रा के चेहरे, गर्दन और पेट पर गंभीर चोटें आईं। उसके एक हाथ में भी गंभीर चोट बताई गई है। कक्षा में अचानक हुई इस हिंसक घटना से छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई। कई विद्यार्थी जान बचाने के लिए कक्षा से बाहर भागने लगे। इसी बीच दूसरी छात्रा अपनी सहेली को बचाने के लिए आगे आई, लेकिन आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया।
गंभीर छात्रा को बेंगलुरु ले जाने की तैयारी
घटना के बाद स्कूल के शिक्षकों और कर्मचारियों ने दोनों घायल छात्राओं को तत्काल अनंतपुर के सरकारी जनरल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल छात्रा की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए बेंगलुरु ले जाने की तैयारी की गई।
वारदात के बाद रेलवे स्टेशन पहुंचा आरोपी
पुलिस ने आरोपी की पहचान हेमंत उर्फ डुम्मू (21) के रूप में की है। वह श्री सत्य साईं जिले के धर्मावरम मंडल अंतर्गत नागुलुर गांव का निवासी है। हमला करने के बाद वह स्कूल से भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और घेराबंदी कर धर्मावरम रेलवे स्टेशन से उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में आरोपी के घायल छात्रा का दूर का रिश्तेदार होने की जानकारी सामने आई है।
प्रेम प्रस्ताव ठुकराने की आशंका की भी जांच
कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि आरोपी पहले से छात्रा को परेशान कर रहा था। कथित तौर पर प्रेम प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद उसने हमला किया। हालांकि पुलिस ने इस वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने दिए बेहतर इलाज और सख्त कार्रवाई के निर्देश
घटना पर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने नाराजगी जताते हुए घायल छात्राओं के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और पुलिस अधिकारियों को आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने भी घटना की निंदा करते हुए इसे अमानवीय बताया।
इस घटना ने सरकारी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि आखिर कोई बाहरी व्यक्ति इतनी खतरनाक मशीन लेकर स्कूल परिसर में दाखिल हुआ और बिना रोक-टोक कक्षा तक कैसे पहुंच गया।