पलक और अभिजीत की प्रस्तुति रहेगी आकर्षण का केंद्र, 26 विभागों के स्टॉलों में दिखेगी विकास की तस
छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर नवा रायपुर में रविवार से तीन दिवसीय राज्योत्सव का आगाज होगा। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आयोजित समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन के अंतिम दिन 41 राज्य अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने यातायात, पार्किंग, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं।
छह रास्तों से पहुंचेंगे दर्शक, 40 हजार वाहनों की पार्किंग
राज्योत्सव में लोगों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए छह अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। करीब 40 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल पर प्रवेश के लिए दो द्वार बनाए गए हैं, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने के साथ आवागमन व्यवस्थित रखा जा सके। यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी पुलिस और जिला प्रशासन संभालेंगे।
300 शौचालय, 25 एंबुलेंस और अस्पताल की सुविधा
दर्शकों की सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर 300 शौचालय बनाए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 20 बिस्तरों वाला अस्पताल, आईसीयू और 25 एंबुलेंस तैनात रहेंगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन वाहनों की भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पेयजल, बिजली, सफाई और रोशनी का प्रबंध किया गया है।
विशाल डोम और 60 एलईडी स्क्रीन
कार्यक्रम देखने के लिए विशाल डोम में दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल पर लगभग 60 एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, जिससे दूर बैठे लोग भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद ले सकेंगे। देश के विभिन्न राज्यों से आए कारीगरों ने भी आयोजन स्थल को सजाने में योगदान दिया है।
26 विभागों की प्रदर्शनियों में दिखेगी विकास यात्रा
राज्योत्सव में 26 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी दी जाएगी। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया शामिल होंगे, जबकि समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी छत्तीसगढ़वासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।