नवा रायपुर में राज्योत्सव के दौरान एयर शो ने दर्शकों को किया रोमांचित, सारंग टीम के पांच हेलिकॉप्टरों ने बनाई डायमंड, हार्ट और डॉल्फिन की आकृतियां
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में भारतीय वायुसेना के जांबाजों ने अपने हैरतअंगेज करतबों से दर्शकों का दिल जीत लिया। नवा रायपुर में आयोजित एयर शो के दौरान आकाशगंगा टीम के आठ कमांडो ने करीब 8 हजार फीट की ऊंचाई से सी-295 विमान से पैराशूट के जरिए छलांग लगाई। वहीं, एमआई-17 हेलिकॉप्टर से रस्सी के सहारे जवानों के नीचे उतरने के प्रदर्शन ने लोगों को रोमांचित कर दिया।
एयर शो में वायुसेना की सारंग टीम ने भी अपनी हवाई कुशलता का प्रदर्शन किया। टीम के पांच हेलिकॉप्टरों ने आसमान में डायमंड, हार्ट और डॉल्फिन जैसी आकर्षक आकृतियां बनाईं। इन करतबों को देखने के लिए आयोजन स्थल पर मौजूद दर्शक उत्साहित नजर आए। छत्तीसगढ़ में सारंग टीम का यह पहला प्रदर्शन बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 700 से 800 पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। वायुसेना की विभिन्न टीमों की प्रस्तुतियों के साथ एयर शो का समापन हुआ। इसके बाद महिलाओं ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य कर माहौल को उत्साह और राष्ट्रप्रेम से भर दिया।