गोल बाजार के गणेश राम नगर में शिव शक्ति पटाखा दुकान के ऊपर मिला अवैध निर्माण केंद्र, तैयार और अधबने पटाखों सहित सामग्री जब्त; 76 और 57 वर्षीय दो आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। दीपावली के लिए पटाखों की बिक्री की तैयारी के बीच राजधानी के गोल बाजार क्षेत्र में रिहायशी मकान के अंदर अवैध रूप से पटाखे बनाने का मामला उजागर हुआ है। गणेश राम नगर स्थित शिव शक्ति पटाखा दुकान के ऊपर बने कमरे में कर्मचारियों से पटाखे तैयार करवाए जा रहे थे। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने दबिश देकर बड़ी मात्रा में तैयार और अधबने पटाखे सहित निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की। पुलिस ने मौके पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर निर्माण स्थल को सील कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिव शक्ति पटाखा दुकान का संचालक दुकान के ऊपर बने आवासीय कमरे में पटाखे तैयार करवा रहा है। इसके बाद एसडीएम कार्यालय, नगर निगम के जोनल कमिश्नर और पर्यावरण विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कार्रवाई गोल बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णा साहू के नेतृत्व में की गई।
जांच के दौरान कमरे में ‘टॉप टाइगर’ नाम से पटाखे तैयार किए जाते मिले। टीम ने 5 कार्टन तैयार पटाखे, बोरियों और कार्टनों में रखे अधबने पटाखे तथा निर्माण में उपयोग होने वाला एल्युमिनियम पाउडर जब्त किया। प्रारंभिक जांच में कम विस्फोटक श्रेणी की सामग्री भी मिलने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने मामले में श्याम लाल ठाकुर (76), निवासी गणेश राम नगर, वर्तमान पता गांधी नगर, अमलीडीह और दीपक ठाकुर (57), निवासी कालीनगर, पंडरी को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9बी(1)(ए) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रिहायशी मकानों में पटाखों का निर्माण या भंडारण न करें। ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।