विकसित भारत संकल्प पार्क का किया लोकार्पण, उषा बारले की पंडवानी और अभिजीत भट्टाचार्य के गीत होंगे समारोह का मुख्य आकर्षण
रायपुर। छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और विकास की झलक प्रस्तुत करने वाले राज्योत्सव का समापन समारोह नवा रायपुर में आयोजित किया जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस आयोजन में शामिल हुए। समारोह से पहले उन्होंने विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में प्रदेश की उन हस्तियों को राज्य अलंकरण प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
लोककला से लेकर बॉलीवुड संगीत तक रंगारंग प्रस्तुतियां
राज्योत्सव के अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष श्रृंखला रखी गई है। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न लोकपरंपराओं पर आधारित संगीत प्रस्तुत करेंगे। पद्मश्री उषा बारले की पंडवानी प्रस्तुति आयोजन को छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला से जोड़ेगी। वहीं, पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य रात 9 बजे के बाद अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
नक्सलवाद के खात्मे की मुहिम के बीच पहुंचे शाह
प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। केंद्र सरकार ने देश को नक्सलवाद से मुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसके लिए 31 मार्च 2026 की समयसीमा तय की गई थी। राज्योत्सव के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास की दिशा में हुए बदलावों को भी सामने रखा गया है।
आयोजन स्थल पर सुविधाओं का व्यापक इंतजाम
राज्योत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने यातायात और पार्किंग की विशेष योजना तैयार की है। आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए छह प्रवेश मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जबकि 40 हजार वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित की गई है। दर्शकों की सुविधा के लिए 300 शौचालय बनाए गए हैं। आपात चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल और 25 एंबुलेंस तैनात रखने की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।