वरिष्ठजनों के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर होगा मंथन; साइबर सुरक्षा, सरकारी नीतियों और वरिष्ठ नागरिक अधिनियम पर भी रखे जाएंगे विचार
कवर्धा। वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा और कल्याण से जुड़े मुद्दों को साझा मंच देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक कान्फेडरेशन एवं सीनियर सिटीजन समिति, कवर्धा के संयुक्त तत्वावधान में 15 नवंबर को सप्तम प्रादेशिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। पीजी कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में सुबह 11 बजे से आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेशभर से वरिष्ठ नागरिकों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन में केंद्र और राज्य सरकार की वरिष्ठ नागरिक कल्याणकारी नीतियों, प्रावधानों तथा अधिनियम 2007 के साथ सामाजिक, आर्थिक, स्वास्थ्य और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर तीन सत्रों में चर्चा की जाएगी। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी।
सम्मेलन के प्रथम सत्र में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत कबीरधाम के अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अतुल जैन तथा हेल्पेज इंडिया रायपुर के शुभंकर विश्वास शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष द्वारा स्वागत भाषण, महासचिव द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के साथ अतिथियों का उद्बोधन होगा। कार्यक्रम में ‘अनुभूति’ स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा।
द्वितीय सत्र में संरक्षक महासंघ अनिल कुमार व्यास की अध्यक्षता में वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े व्यावहारिक और समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञ अपनी बात रखेंगे। हेल्पेज इंडिया रायपुर के शुभंकर विश्वास जेरियाट्रिक उपचार पद्धति, आदित्य कुमार श्रीवास्तव कवर्धा के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पटेल साइबर सुरक्षा तथा डॉ. एनके यदु स्वास्थ्य सुरक्षा के विषय में जानकारी देंगे। इस सत्र में वरिष्ठ नागरिकों की बदलती जरूरतों और उनकी सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा होगी।
तीसरे सत्र में विभिन्न संबद्ध संस्थाओं के प्रतिनिधि अपनी गतिविधियों, समस्याओं और सुझावों को साझा करेंगे। सत्र का संचालन धनेश सोलंकी करेंगे। इस दौरान सदन में प्राप्त सुझावों और विचारों के आधार पर प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएंगे तथा उनके वाचन के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े विषयों पर सामूहिक सहमति बनाने का प्रयास होगा। सम्मेलन के समापन अवसर पर श्रद्धांजलि, राष्ट्रगान, जलपान एवं उपहार वितरण के कार्यक्रम भी रखे गए हैं।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को केवल व्यक्तिगत स्तर तक सीमित न रखते हुए उन्हें नीतिगत और सामाजिक विमर्श का हिस्सा बनाना है। इसके माध्यम से बुजुर्गों के सम्मानजनक जीवन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, आर्थिक सुरक्षा और डिजिटल दुनिया में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर सार्थक संवाद की पहल की जाएगी।
छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक कान्फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश देवदास तथा सीनियर सिटीजन समिति कवर्धा के अध्यक्ष मदन तंबोली ने प्रदेशभर के वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं और गणमान्य नागरिकों से सम्मेलन में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।