62 वर्षीय कारोबारी ने लगाया मारपीट और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप; होटल वेलिंगटन में बैठक के दौरान विवाद बढ़ने का दावा
रायपुर। राजधानी में जमीन के पुराने कारोबारी सौदे को लेकर 4 करोड़ रुपए की कथित वसूली और मारपीट का मामला सामने आया है। 62 वर्षीय जमीन कारोबारी बलिराम धरमानी की शिकायत पर पुलिस ने अनवर ढेबर, कुबेर राठी समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि रकम देने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की गई और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई। मामले में रसूखदार लोगों के नाम सामने आने के कारण पुलिस ने प्रकरण को संवेदनशील माना है।
एफआईआर में अनवर ढेबर और कुबेर राठी के अलावा संदीप अग्रवाल, आसिफ मेमन, नागेंद्र कुमार तथा विवेक जोशी उर्फ मोंटी जोशी के नाम शामिल हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2018 में हुआ था जमीन का बड़ा सौदा
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, कालीबाड़ी निवासी बलिराम धरमानी ने वर्ष 2018 में बोरड परिवार की लाभांडी स्थित लगभग 2.60 लाख वर्गफीट जमीन का सौदा किया था। इसमें से करीब 40 हजार वर्गफीट जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम पर कराई गई थी, जबकि शेष जमीन के लिए एग्रीमेंट हुआ था। बाद में परिवार के सदस्यों के बीच विवाद उत्पन्न होने से बाकी जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो सकी।
शिकायत में बताया गया है कि वर्ष 2022 में संदीप अग्रवाल कटोरा तालाब स्थित बलिराम के कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने विवादित जमीन की रजिस्ट्री कराने के बदले 4 करोड़ रुपए की मांग की थी।
होटल में बैठक के दौरान विवाद और मारपीट का आरोप
बलिराम धरमानी के मुताबिक, बाद में उन्होंने अपने नाम पर दर्ज 40 हजार वर्गफीट जमीन बोरड परिवार को वापस कर दी थी। इसके बदले उन्हें 3.15 करोड़ रुपए मिले थे। उनका दावा है कि इस लेनदेन के बाद बोरड परिवार के साथ कोई आर्थिक बकाया नहीं था।
शिकायत के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को रहमानिया चौक स्थित बबू प्लाजा में बैठक आयोजित हुई, जहां फिर से 4 करोड़ रुपए की मांग की गई। इसके अगले दिन 27 सितंबर को फाफाडीह स्थित होटल वेलिंगटन में दूसरी बैठक हुई। आरोप है कि यहां रकम देने से इनकार करने पर अनवर ढेबर और कुबेर राठी ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। अन्य आरोपियों पर भी धमकी देने में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।