अस्पताल में भर्ती एनसीपी प्रमुख से प्रधानमंत्री ने फोन पर की बातचीत; पवार ने कहा- आप सब साथ हैं तो देश की चिंता नहीं, दोनों गुटों के विलय की अटकलों के बीच चर्चा में आया संवाद
मुंबई/नई दिल्ली (ए)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई कथित फोन बातचीत ने महाराष्ट्र की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। पवार के करीबी विट्ठल मनियार के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने अस्पताल में भर्ती पवार से बातचीत के दौरान कहा कि सुप्रिया सुले अब जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं। वे उनके साथ मिलकर देश की जिम्मेदारी निभाएंगे। प्रधानमंत्री ने पवार को फिलहाल आराम करने की सलाह भी दी।
मनियार के अनुसार, इस पर शरद पवार ने जवाब दिया कि जब आप सभी साथ हैं तो उन्हें देश की कोई चिंता नहीं है और वे आराम कर रहे हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी और शरद पवार की ओर से इस बातचीत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही हैं। रविवार को एनसीपी के कई वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस मुलाकात में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ पवार शामिल नहीं थे। इसके बाद दोनों गुटों के एक होने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।
अमित शाह से मुलाकात के बाद गरमाई सियासत
अमित शाह से मिलने वाले नेताओं में प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, दिलीप वलसे पाटील, हसन मुश्रीफ, छगन भुजबल और धनंजय मुंडे शामिल थे। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि नेताओं ने सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार के कुछ फैसलों को लेकर अपनी चिंता जाहिर की थी।
हालांकि, एनसीपी ने सोमवार को मुंबई में हुई कोर कमेटी की बैठक के बाद विलय की संभावनाओं को खारिज कर दिया। महाराष्ट्र एनसीपी अध्यक्ष सुनील तटकरे ने स्पष्ट किया कि पार्टी सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में एकजुट होकर काम करेगी। उन्होंने शरद पवार गुट के साथ विलय की किसी भी संभावना से इनकार किया।
राजनीतिक मतभेदों के बावजूद मोदी-पवार के रिश्ते सौहार्दपूर्ण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शरद पवार के बीच राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बावजूद व्यक्तिगत संबंधों में सौहार्द बना रहा है। वर्ष 2015 में बारामती दौरे के दौरान मोदी ने सार्वजनिक रूप से पवार के लंबे राजनीतिक अनुभव की सराहना की थी। इसके बाद 2017 में केंद्र सरकार ने उन्हें देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया था।
दोनों नेताओं के बीच राष्ट्रीय और महाराष्ट्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर समय-समय पर बातचीत होती रही है। प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी सुप्रिया सुले की बेटी के विवाह समारोह में शामिल हुए थे।
नियमित जांच के लिए अस्पताल में भर्ती पवार
86 वर्षीय शरद पवार को खांसी और सांस लेते समय सीने में दर्द की शिकायत के बाद 2 नवंबर को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। दो दिनों तक चिकित्सकीय निगरानी में रहने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इसके बाद बुधवार को नियमित और आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी।