2300 सहायक शिक्षक पदों को भरने की मांग लेकर परिवार सहित धरने पर बैठे डीएड अभ्यर्थी; 321 दिनों से जारी है आंदोलन, नियुक्ति की तारीख घोषित करने पर अड़े
रायपुर। सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन गुरुवार को उग्र रूप लेता दिखाई दिया। 2300 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की मांग के साथ 60 से अधिक अभ्यर्थियों ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारी अपने परिवार के सदस्यों के साथ बंगले के अंदर धरने पर बैठ गए। उनकी मांग है कि सरकार नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करे।
लंबे समय से मांग पूरी नहीं होने से नाराज अभ्यर्थी गुरुवार तड़के मंत्री के निवास पहुंचे। यहां उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू करते हुए बंगले के भीतर धरना दिया। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक सरकार नियुक्ति का समय निर्धारित कर आधिकारिक घोषणा नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन को देखते हुए मंत्री निवास पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रदर्शन में अभ्यर्थियों के साथ उनके परिजन भी शामिल हैं।
321 दिनों से जारी है नियुक्ति का इंतजार
डीएड अभ्यर्थी पिछले 321 दिनों से 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से संघर्ष करने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। लगातार अनिश्चितता के कारण अभ्यर्थियों और उनके परिवारों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।
अदालती आदेशों के बाद भी पद खाली होने का दावा
अभ्यर्थियों का कहना है कि सहायक शिक्षक के 2300 पदों पर नियुक्ति को लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेश हैं, इसके बावजूद भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। उनका तर्क है कि इन पदों पर नियुक्ति में देरी से योग्य अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने और भर्ती का कार्यक्रम घोषित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यह मामला केवल रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों की आर्थिक सुरक्षा और सम्मान से भी जुड़ा हुआ है।