ट्रेन चुनने के बाद आगे नहीं बढ़ रहा बुकिंग का प्रोसेस, यूजर्स को दिख रहा ‘हाई लोड’ एरर; रेलवे की ओर से नहीं आया आधिकारिक बयान
नई दिल्ली (ए)। ऑनलाइन रेल टिकट बुक करने वाले यात्रियों को IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल एप पर तकनीकी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टिकट बुकिंग के दौरान ट्रेन का चयन करने के बाद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है। कई यूजर्स को स्क्रीन पर ‘हाई लोड’ का संदेश दिखाई दे रहा है। इससे यात्रियों की टिकट बुकिंग प्रभावित हो रही है। फिलहाल रेलवे की ओर से इस तकनीकी समस्या को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
परेशानी होने पर इन माध्यमों से लें मदद
IRCTC की वेबसाइट या एप से टिकट बुक नहीं होने पर यात्री हेल्पलाइन नंबर 14646, 08044647999 और 08035734999 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा etickets@irctc.co.in पर ईमेल भेजकर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। जिन यात्रियों को तत्काल यात्रा करनी है, वे नजदीकी रेलवे आरक्षण काउंटर से टिकट प्राप्त कर सकते हैं।
खाते से पैसा कटने पर दोबारा बुकिंग से बचें
ऑनलाइन टिकट बनाते समय बैंक खाते से राशि कट जाए, लेकिन टिकट कन्फर्मेशन नहीं मिले तो तुरंत दोबारा बुकिंग करने से बचना चाहिए। सबसे पहले IRCTC के ‘My Transactions’ या ‘Booked Ticket History’ सेक्शन में जाकर लेनदेन और टिकट की स्थिति जांचें। यदि वेबसाइट पर समस्या बनी हुई है तो दूसरे ब्राउजर या गूगल क्रोम के इनकॉग्निटो मोड से दोबारा प्रयास किया जा सकता है।
IRCTC के अनुसार, भुगतान होने के बावजूद टिकट जारी नहीं होने की स्थिति में राशि सामान्यतः 3 से 5 कार्यदिवस के भीतर संबंधित खाते में वापस भेज दी जाती है।
तत्काल बुकिंग के समय बढ़ता है सर्वर पर दबाव
IRCTC यानी इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन भारतीय रेलवे के अंतर्गत ऑनलाइन टिकट आरक्षण, खानपान और पर्यटन सेवाओं का संचालन करता है। प्रतिदिन सुबह 10 बजे एसी तत्काल और 11 बजे नॉन-एसी यानी स्लीपर श्रेणी की तत्काल टिकट बुकिंग शुरू होती है। इस दौरान बड़ी संख्या में यात्री एक साथ वेबसाइट और एप का उपयोग करते हैं।
त्योहारी सीजन, छुट्टियों और तत्काल आरक्षण के समय सर्वर पर अचानक ट्रैफिक बढ़ने से वेबसाइट की गति प्रभावित हो सकती है। ऐसे में लॉगिन, ट्रेन चयन और भुगतान जैसी प्रक्रियाओं में रुकावट आने की आशंका रहती है।