पुणे और वडोदरा नई टीमों की दौड़ में आगे, एक फ्रेंचाइजी की कीमत 8,900 करोड़ रुपए से अधिक रहने का अनुमान
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का रोमांच आने वाले वर्षों में और बढ़ सकता है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) वर्ष 2028 से टूर्नामेंट में दो नई फ्रेंचाइजी शामिल करने की संभावनाओं पर विचार कर रहा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर लीग में मौजूदा 10 टीमों की जगह 12 टीमें हिस्सा लेंगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नई फ्रेंचाइजी के लिए पुणे और वडोदरा प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी शुरुआती स्तर पर चर्चा चल रही है और अंतिम निर्णय होना बाकी है।
2022 में हुआ था लीग का विस्तार
IPL में इससे पहले वर्ष 2022 में दो नई टीमों को शामिल किया गया था। लखनऊ सुपर जायंट्स को RPSG ग्रुप ने 940 मिलियन डॉलर में खरीदा था, जबकि गुजरात टाइटंस का स्वामित्व CVC कैपिटल पार्टनर्स ने 750 मिलियन डॉलर में हासिल किया था। इन दोनों टीमों के आने के बाद लीग में फ्रेंचाइजी की संख्या आठ से बढ़कर 10 हो गई थी।
एक नई टीम की कीमत 8,900 करोड़ से अधिक
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार नई फ्रेंचाइजी की संभावित कीमत 1 बिलियन डॉलर यानी करीब 8,900 करोड़ रुपए से अधिक हो सकती है। हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बिक्री 1.78 बिलियन डॉलर और राजस्थान रॉयल्स की बिक्री लगभग 1.65 बिलियन डॉलर के मूल्यांकन पर हुई है। ऐसे में IPL की नई टीमों में निवेश को लेकर अंतरराष्ट्रीय और भारतीय कारोबारी समूहों की दिलचस्पी बढ़ी है। प्राइवेट इक्विटी कंपनियों, पश्चिम एशिया के सॉवरेन वेल्थ फंड, अमेरिकी फैमिली ऑफिस और भारतीय निवेशक इस संभावित अवसर पर नजर बनाए हुए हैं। इनमें परमिरा जैसी प्राइवेट इक्विटी फर्म का नाम भी चर्चा में है।
नए मीडिया राइट्स से जुड़ी है विस्तार की योजना
वर्ष 2028 से 2032 तक के अगले मीडिया राइट्स चक्र को भी इस विस्तार की योजना से जोड़कर देखा जा रहा है। वर्तमान में 2023 से 2027 तक के मीडिया राइट्स 6.2 बिलियन डॉलर में बेचे गए थे। दो नई टीमों के जुड़ने से मुकाबलों की संख्या बढ़ेगी और प्रसारण अधिकारों का बाजार भी बड़ा हो सकता है। हालांकि, BCCI को खिलाड़ियों की उपलब्धता, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कार्यक्रम और प्रसारण कंपनियों की सहमति जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार करना होगा। अधिक मैच होने से प्रसारण और आयोजन संबंधी खर्च भी बढ़ सकते हैं।
पुणे की IPL में पहले भी रही है मौजूदगी
पुणे इससे पहले भी IPL की मेजबानी और फ्रेंचाइजी का केंद्र रह चुका है। पुणे वॉरियर्स इंडिया ने 2011 से 2013 तक टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था। इसके बाद 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने लीग में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। टीम ने 2017 में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी, जहां मुंबई इंडियंस के खिलाफ उसे महज एक रन से हार का सामना करना पड़ा था।