स्मृति नगर में महिला मित्र के साथ कार से पहुंचे युवक का आरोपियों ने किया पीछा, गैरेज में घुसकर की मारपीट; मोबाइल लूटकर भागे हमलावर, पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा
दुर्ग। स्मृति नगर क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ी पुरानी रंजिश के चलते हिंसक वारदात सामने आई है। पूर्व प्रेमिका को दूसरे युवक के साथ देखने के बाद एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवक अपनी महिला मित्र के साथ कार लेकर एक गैरेज में जा घुसा, लेकिन हमलावरों ने वहां भी पीछा नहीं छोड़ा। आरोपियों ने युवक को कार से बाहर खींचकर चाकू और डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे गैरेज संचालक और उसके भाई को भी मारपीट का शिकार होना पड़ा। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दो दिन से युवक पर नजर रख रहे थे आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नागेंद्र सोमंकर की पूर्व प्रेमिका सारांश सिंह नामक युवक के साथ घूम रही थी। दोनों को साथ देखने के बाद नागेंद्र ने अपने साथी अजय ठाकुर और अन्य युवकों के साथ मिलकर उनका पीछा करना शुरू कर दिया। बताया गया है कि आरोपी पिछले दो दिनों से सारांश की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। हालांकि, पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर घटना की वजह पुरानी रंजिश बताई है।
गैरेज में घुसकर युवक को कार से खींचा
हमलावरों से बचने के लिए सारांश सिंह अपनी महिला मित्र के साथ कारफाई नामक कार गैरेज में पहुंचा। उसे उम्मीद थी कि गैरेज परिसर में वह सुरक्षित रहेगा, लेकिन पीछा करते हुए आरोपी वहां भी पहुंच गए। इसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने सारांश को कार से बाहर खींचकर चाकू तथा डंडों से हमला कर दिया। हमले के दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई।
बीच-बचाव करने वाले गैरेज संचालक और भाई को भी पीटा
गैरेज में युवक के साथ मारपीट होते देख संचालक आनंद शर्मा और उनके भाई मनीष शर्मा ने हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराने की कोशिश की। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस वारदात में सारांश, आनंद और मनीष घायल हो गए। मनीष को गंभीर चोटें आई हैं। तीनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मोबाइल लूटकर भागे आरोपी, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
मारपीट के बाद आरोपी सारांश सिंह का मोबाइल फोन भी लेकर फरार हो गए। गैरेज में लगे सीसीटीवी कैमरों में हमले की पूरी घटना कैद हुई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर भी आरोपियों की पहचान और घटनाक्रम की जांच की।
छह गिरफ्तार, लूटा गया मोबाइल बरामद
पुलिस के मुताबिक, कृष्णा शर्मा ने 9 नवंबर को स्मृति नगर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रात करीब 12 बजे नागेंद्र सोमंकर अपने साथियों के साथ गैरेज पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। धारदार हथियार से हमला कर तीन लोगों को घायल करने के साथ मोबाइल फोन भी लूट लिया गया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 309 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।