500 से अधिक परीक्षार्थियों वाले केंद्रों पर रहेंगे दो असिस्टेंट सेंटर हेड, चपरासी को 40 और सुपरवाइजर को 75 रुपए प्रतिदिन का भुगतान
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की बोर्ड परीक्षाओं के संचालन के लिए परीक्षा केंद्रों में तैनात किए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के मानदेय की नई दरें निर्धारित कर दी हैं। नए आदेश के अनुसार, 500 से अधिक परीक्षार्थियों वाले केंद्र के सेंटर हेड को प्रतिदिन 200 रुपए और 500 तक परीक्षार्थियों वाले केंद्र के सेंटर हेड को 180 रुपए दिए जाएंगे। मंडल ने परीक्षार्थियों की संख्या के आधार पर विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों की नियुक्ति और उनके भुगतान का प्रावधान भी तय किया है।
यह व्यवस्था हाईस्कूल, हायर सेकंडरी, शारीरिक शिक्षा पत्रोपाधि और डीएलएड की मुख्य एवं द्वितीय मुख्य परीक्षाओं में लागू होगी। मानदेय की दरों में वृद्धि का निर्णय 6 अक्टूबर को हुई वित्त समिति और 15 अक्टूबर 2026 को हुई कार्यकारी समिति की बैठक में लिया गया था। नई दरें परीक्षा वर्ष 2026-27 से प्रभावी होंगी।
परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार होगी नियुक्ति
मंडल के दिशा-निर्देशों के अनुसार, 500 तक परीक्षार्थियों वाले परीक्षा केंद्र में एक असिस्टेंट सेंटर हेड और इससे अधिक संख्या होने पर दो असिस्टेंट सेंटर हेड नियुक्त किए जाएंगे। प्रत्येक को प्रतिदिन 150 रुपए मानदेय मिलेगा।
हर 15 अतिरिक्त परीक्षार्थियों पर बढ़ेगा सुपरवाइजर
परीक्षा कक्ष में 30 परीक्षार्थियों तक दो सुपरवाइजर की तैनाती की जाएगी। इसके बाद प्रत्येक 15 अतिरिक्त परीक्षार्थियों पर एक अतिरिक्त सुपरवाइजर नियुक्त होगा। प्रत्येक सुपरवाइजर को 75 रुपए प्रतिदिन दिए जाएंगे।
क्लर्क को 60 और चपरासी को 40 रुपए
कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए भी अलग-अलग मानक तय किए गए हैं। 400 तक परीक्षार्थियों वाले केंद्र में एक क्लर्क रहेगा। इसके बाद प्रत्येक 400 अतिरिक्त परीक्षार्थियों पर एक और क्लर्क नियुक्त किया जाएगा। क्लर्क को प्रतिदिन 60 रुपए मिलेंगे।
इसी तरह 500 तक परीक्षार्थियों वाले केंद्र में चार चपरासी नियुक्त किए जाएंगे। इसके बाद प्रत्येक 150 अतिरिक्त परीक्षार्थियों पर एक चपरासी की संख्या बढ़ाई जाएगी। प्रत्येक चपरासी को 40 रुपए प्रतिदिन भुगतान किया जाएगा।
प्रश्नपत्र और उत्तरपुस्तिकाओं के परिवहन पर भी भुगतान
परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र थाने से परीक्षा केंद्र तक लाने और बिना मूल्यांकन की गई उत्तरपुस्तिकाओं को वापस थाने में जमा कराने की जिम्मेदारी निभाने वाले सुरक्षा गार्ड के लिए 40 रुपए का भुगतान निर्धारित किया गया है।
अन्य खर्च के लिए भी तय हुआ बजट
परीक्षा केंद्रों पर होने वाले आकस्मिक एवं अन्य आवश्यक खर्चों के लिए परीक्षार्थियों की संख्या के आधार पर राशि दी जाएगी। 200 तक परीक्षार्थियों वाले केंद्र को प्रति विद्यार्थी 4 रुपए और 200 से अधिक परीक्षार्थियों वाले केंद्र को प्रति विद्यार्थी 3 रुपए मिलेंगे। जिन मदों के भुगतान में कोई बदलाव नहीं किया गया है, वहां पहले से लागू दरें ही प्रभावी रहेंगी।