करीब 50 यात्रियों के घायल होने की सूचना, रेलवे ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया; लोको पायलट का वीडियो आया सामने, ब्रेक और सिग्नल सिस्टम में खराबी की कही बात
गुवाहाटी (ए)। असम के कामरूप जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (13125) का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा सुबह करीब 6:54 बजे उस समय हुआ, जब ट्रेन को दूसरी रेल लाइन पर ले जाया जा रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना में लगभग 50 यात्री घायल हुए हैं। हालांकि, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी है।

रेलवे के प्रारंभिक विवरण के मुताबिक, स्टेशन पर ट्रेन को दूसरी लाइन पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान ट्रेन की रफ्तार नियंत्रित नहीं हो सकी और वह दूसरी लाइन पर लगाए गए बैरिकेड्स से जा टकराई। टक्कर के बाद इंजन सहित पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लोको पायलट का वीडियो सामने आया
दुर्घटना के दौरान का करीब 45 सेकेंड का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें ट्रेन के लोको पायलट केबिन का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो में कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले, स्विच और इंजन के विभिन्न उपकरण नजर आ रहे हैं। इस दौरान लोको पायलट को तकनीकी खराबी की बात कहते सुना जा सकता है।
वीडियो में लोको पायलट कह रहे हैं कि सिग्नल काम नहीं कर रहा है और इमरजेंसी सिस्टम भी सक्रिय होने के बावजूद काम नहीं कर रहा। उन्होंने एस9 और ए9 सिस्टम के भी काम नहीं करने की बात कही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों और तकनीकी खराबी की भूमिका की आधिकारिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।