15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर खरीदी, किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल मिलेगा भाव; एक एकड़ में 21 क्विंटल तक बेच सकेंगे धान
रायपुर। खरीफ विपणन वर्ष में किसानों को धान बेचने के लिए अधिक सुविधा उपलब्ध कराने रायपुर जिले में 21 नए खरीदी केंद्र शुरू किए जाएंगे। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से होगी। नए केंद्र खुलने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। इन केंद्रों में आवश्यक संसाधन और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम तेजी से किया जा रहा है।
राज्य शासन के निर्देशानुसार किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जाएगा। इसके साथ ही एक एकड़ में अधिकतम 21 क्विंटल धान बेचने की सीमा निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि खरीदी की पूरी व्यवस्था समय पर तैयार हो और किसानों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने संबंधित अधिकारियों को सभी खरीदी केंद्रों में बिजली, कंप्यूटर, जनरेटर और कर्मचारियों सहित जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और वास्तविक किसानों से ही धान खरीदने पर जोर दिया है। इसके लिए कोचियों और बिचौलियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
17 केंद्रों के लिए जगह तय, संसाधन जुटाने का काम जारी
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भूपेश चन्द्रवंशी के अनुसार, प्रस्तावित 21 नए केंद्रों में से 17 के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। इनमें 16 केंद्रों पर कंप्यूटर, प्रिंटर और स्कैनर की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। वहीं आठ केंद्रों में जनरेटर लगाए जा चुके हैं और 18 केंद्रों में ऑपरेटर की तैनाती की गई है। सभी 21 केंद्रों के लिए प्रभारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं।
शेष केंद्रों में आवश्यक उपकरण और मानव संसाधन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन का लक्ष्य 15 नवंबर से सभी निर्धारित व्यवस्थाओं के साथ धान खरीदी शुरू करना है। खरीदी से मिलने वाली राशि किसानों को घरेलू जरूरतों के साथ अगली फसल की तैयारी और बच्चों की शिक्षा पर खर्च करने में मददगार होगी।