खुर्सीपार-भिलाई के हाईवे और ओवरब्रिज पर महिलाओं को बनाता था निशाना, सोने के जेवर से लेकर बैंक दस्तावेज तक बरामद
दुर्ग। मोटरसाइकिल पर घूमकर महिलाओं की रेकी करने और मौका मिलते ही मोबाइल व बैग झपटकर भाग निकलने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में आरोपी की पांच थाना क्षेत्रों में हुई सात झपटमारी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई है। उसके पास से सोने-चांदी के सामान, मोबाइल, नकदी, बैंकिंग दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सहित करीब 3.60 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है।
आरोपी लक्ष्मण राव (29) कुम्हारी के डीएमसी तालाब क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक वह होंडा सीबी शाइन से घटनास्थल तक पहुंचता था। हाईवे, ओवरब्रिज और प्रमुख चौराहों के आसपास महिलाओं को निशाना बनाकर उनके हाथ से बैग या मोबाइल छीनता और तेजी से निकल जाता था।
सीसीटीवी ने खोली आरोपी तक पहुंचने की राह
झपटमारी की लगातार घटनाओं के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए खुर्सीपार पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम बनाई। घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटाई गई। फुटेज में संदिग्ध मोटरसाइकिल और आरोपी की गतिविधियों को ट्रेस किया गया। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी को जांच में शामिल किया गया।
जांच के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों के बीच समानताएं सामने आईं। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और जांच में सात घटनाओं का खुलासा हुआ।
यहां-यहां की थी झपटमारी
खुर्सीपार थाना क्षेत्र में आरोपी ने तुलसी ट्रेडर्स के सामने खुर्सीपार चौक और डबरापारा ओवरब्रिज पर दो वारदातें की थीं। पुरानी भिलाई क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर मोबाइल झपटा गया था। जामुल में नंदनी रोड से सोने के आभूषण और नकदी वाला बैग छीना गया।
छावनी क्षेत्र में पावर हाउस ओवरब्रिज के पास बैग झपटने की घटना सामने आई थी। सुपेला थाना क्षेत्र में चंद्रा-मौर्या टॉकीज के पास और ओवरब्रिज पर दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया गया था। इन सभी मामलों में संबंधित थानों में अपराध दर्ज थे।
लूटे सामान में बैंक दस्तावेज भी शामिल
पुलिस ने आरोपी से 5 ग्राम का सोने का सिक्का, टूटा हुआ सोने का मंगलसूत्र, चार मोबाइल फोन, दो पर्स-बैग और 1,300 रुपए नकद बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल में रेडमी और आईक्यूओओ कंपनी के फोन भी शामिल हैं।
आरोपी के पास से राशन कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी और मेडिकल कार्ड मिले। इसके अलावा एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और आईडीबीआई बैंक के एटीएम व डेबिट कार्ड, दो एसबीआई पासबुक, चेकबुक और डायरी भी जब्त की गई है।
एक कार्रवाई से कई मामलों की कड़ी जुड़ी
पुलिस की संयुक्त जांच में अलग-अलग इलाकों में दर्ज झपटमारी के मामलों को एक-दूसरे से जोड़ने में सफलता मिली। इसके आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी के साथ सात घटनाओं का खुलासा हुआ। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।