एक पर दुष्कर्म का आरोप, दो अन्य की भूमिका की भी जांच; पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र में 13 साल की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना गांव में गोवर्धन पूजा के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान की बताई जा रही है। आरोप है कि गांव के तीन युवक बच्ची को अपने साथ ले गए थे। इनमें से एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि अन्य दो युवक आसपास निगरानी कर रहे थे। मामले में पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव में देर रात तक रिकॉर्डिंग डांस कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान तीनों युवक नाबालिग को अपने साथ ले गए। बाद में बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने की जानकारी सामने आई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में कार्रवाई की।
एक आरोपी रिश्तेदार के घर मिला
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि घटना के बाद तीनों युवक गांव से चले गए थे। इनमें से एक युवक अपने रिश्तेदार के घर जाकर सो गया था। पुलिस ने सूचना के आधार पर वहां पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। इसके अलावा दूसरे युवक को भी पकड़ लिया गया। तीसरे युवक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपियों के परिजनों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया।
बच्ची के बयान के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस फिलहाल नाबालिग का बयान दर्ज कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्ची को अपने साथ ले जाने वाले अन्य दोनों युवकों की घटना में क्या भूमिका थी। प्रारंभिक जांच में एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप सामने आया है। बाकी दोनों के खिलाफ अपहरण और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा सकती है।
एएसपी बोले- सामूहिक दुष्कर्म का मामला नहीं
एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामूहिक दुष्कर्म का मामला नहीं है। नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का आरोप एक ही युवक पर है। उसके साथ गए अन्य दो युवकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उनके खिलाफ अपहरण समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।