दीपावली पर ट्रैफिक जवानों को उपहार बांटने पहुंचे थे स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, वीडियो वायरल होने के बाद पूर्व सीएम ने उठाए सवाल; मंत्री बोले- जवान को मैंने खुद रोका था
दुर्ग-भिलाई। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के सामने एक पुलिस जवान के वर्दी पहने हुए पैर छूने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। दीपावली के अवसर पर मंत्री यातायात व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों को उपहार देने पहुंचे थे। इस दौरान एक जवान ने आगे बढ़कर उनके पैर छू लिए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए मंत्री को मंत्रिमंडल से हटाने और संबंधित जवान को सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि संविधान की शपथ लेने वाले मंत्री के सामने इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। भूपेश ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वर्दी में लगे अशोक चक्र का अपना संवैधानिक महत्व है। इसे किसी के चरणों में झुकाना पुलिस बल की गरिमा के विपरीत है।
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में विभिन्न जांच एजेंसियों से लेकर पुलिस तक सत्ता के सामने नतमस्तक नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की स्वतंत्र पहचान और जिम्मेदारी बनी रहनी चाहिए। वर्दीधारी जवान का सार्वजनिक रूप से किसी जनप्रतिनिधि के पैर छूना इसी व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
पूर्व डीजी ने भी जताई आपत्ति
छत्तीसगढ़ के पूर्व विशेष पुलिस महानिदेशक आरके विज ने भी इस घटना को अनुचित बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वर्दी पहने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सार्वजनिक स्थानों पर किसी के भी पैर नहीं छूने चाहिए। उनके मुताबिक वर्दी की अपनी मर्यादा और गरिमा होती है, जिसका ध्यान रखना जरूरी है।
मंत्री बोले, जवान को किया था मना
विवाद बढ़ने के बाद मंत्री गजेंद्र यादव ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि दीपावली के दौरान वे यातायात ड्यूटी में तैनात करीब 89 पुलिस जवानों से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सभी से हाथ मिलाकर शुभकामनाएं दीं। कुछ जवानों ने उन्हें सैल्यूट किया, जबकि एक जवान ने पैर छू लिए।
मंत्री के अनुसार वह जवान पहले से उनके परिचित नहीं था। पैर छूने के बाद उसने बताया कि वह उनके गांव का रहने वाला है और उनके भाई के साथ काम कर चुका है। उसने पारिवारिक संबंधों का हवाला देते हुए उन्हें भैया कहकर संबोधित किया। यादव ने कहा कि उन्होंने तत्काल जवान को ऐसा करने से मना किया और पैर पीछे खींच लिया।
मंत्री ने भूपेश बघेल की ओर से की गई कार्रवाई की मांग पर कहा कि घटना को दूसरे नजरिए से देखना उनकी सोच और मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जवान को उन्होंने खुद पैर छूने से रोकने का प्रयास किया था।