एसएसपी ने जारी किए तीन अलग-अलग तबादला आदेश, 270 आरक्षक और 64 प्रधान आरक्षकों के साथ 3 एसआई की भी बदली गई पदस्थापना
दुर्ग। दीपावली और छठ पर्व के बाद दुर्ग पुलिस विभाग में व्यापक स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किया गया है। जिले की कानून व्यवस्था और पुलिसिंग को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने तीन अलग-अलग आदेश जारी कर कुल 337 पुलिसकर्मियों की नई पदस्थापना की है। तबादला सूची में आरक्षक से लेकर उप निरीक्षक स्तर तक के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।
जारी आदेश के मुताबिक, 270 आरक्षकों को वर्तमान पदस्थापना से हटाकर जिले के विभिन्न थानों, चौकियों और पुलिस इकाइयों में भेजा गया है। इनमें बड़ी संख्या में आरक्षकों को यातायात विभाग में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह 64 प्रधान आरक्षकों का भी स्थानांतरण किया गया है। इन्हें अलग-अलग थानों और पुलिस इकाइयों में तैनात किया गया है। कुछ प्रधान आरक्षकों को यातायात व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी भी दी गई है।

तीन उप निरीक्षकों की भी बदली गई पदस्थापना
पुलिस विभाग की ओर से जारी तीसरे आदेश में तीन उप निरीक्षकों (एसआई) के कार्यस्थल में बदलाव किया गया है। इसके तहत एसआई राजेश देवांगन को स्मृति नगर चौकी से रक्षित केंद्र दुर्ग भेजा गया है। वहीं मदनलाल साहू को उतई थाना से दुर्ग थाना तथा मंगला गुप्ता को पद्मनाभपुर थाना से पुरानी भिलाई थाना में पदस्थ किया गया है।
तीनों आदेशों में किए गए स्थानांतरण प्रशासनिक कारणों से अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेंगे। इस फेरबदल के बाद जिले के विभिन्न थानों और पुलिस इकाइयों में पुलिस बल की नई तैनाती होगी।