सुप्रीम कोर्ट में नई याचिका दाखिल कर मांगी अनुमति, कहा- डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर के पास जानकारी नहीं तो CEC और दोनों चुनाव आयुक्त अलग-अलग दें हलफनाम
नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग पर सवालों की बौछार करने की तैयारी की है। राहुल गांधी समेत INDIA ब्लॉक के नेताओं ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में नई याचिका दाखिल कर चुनाव आयोग से SIR प्रक्रिया से जुड़े 48 सवाल पूछने की अनुमति मांगी है। विपक्ष ने मांग की है कि इन सवालों के जवाब चुनाव आयोग के शीर्ष अधिकारी अलग-अलग हलफनामे के जरिए दें, ताकि प्रक्रिया से जुड़े फैसलों और उनकी जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सके।
याचिका में कहा गया है कि SIR से संबंधित सवालों के जवाब देने की जिम्मेदारी संभाल रहे डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर के पास यदि रिकॉर्ड के आधार पर पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं है, तो मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू तथा विवेक जोशी अलग-अलग हलफनामा पेश कर जवाब दें।
कांग्रेस की ओर से याचिका के साथ 48 सवालों की सूची भी संलग्न की गई है। इसमें चुनाव आयोग से पूछा गया है कि SIR के दौरान कौन-कौन से निर्णय लिए गए, किन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई और किन मामलों में आपत्ति दर्ज की गई। विपक्ष इन सवालों के माध्यम से पुनरीक्षण प्रक्रिया में आयोग की भूमिका, निर्णय लेने की व्यवस्था और जवाबदेही को स्पष्ट करना चाहता है।
पहले भी सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था विपक्ष
SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्षी दलों ने इससे पहले भी न्यायिक हस्तक्षेप की मांग की थी। 11 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों ने तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत को पत्र लिखकर ज्ञापन सौंपने के लिए समय मांगा था, हालांकि उन्हें मुलाकात का समय नहीं मिला। इसके बाद 12 अक्टूबर को विपक्षी नेताओं ने दिल्ली के बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला और उसी दिन चुनाव आयोग तथा SIR से जुड़े मुद्दों को लेकर याचिका भी दाखिल की थी। अब 48 सवालों के जरिए विपक्ष चुनाव आयोग से सीधे जवाब हासिल करने की कोशिश में है।