दुर्ग-भिलाई के लिए 50 बसों को मंजूरी, पहले चरण में 20 बसें उतरेंगी; सिकोला भाठा में तैयार हुआ चार्जिंग डिपो
दुर्ग-भिलाई। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई रफ्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। पीएम ई-बस सेवा के तहत बुधवार को भिलाई में इलेक्ट्रिक बस का ट्रायल किया गया। दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के लिए 50 ई-बसों को मंजूरी मिली है, जिनमें से पहले चरण में 20 बसों का संचालन शुरू करने की योजना है। बसों के संचालन के लिए दुर्ग के सिकोला भाठा में डिपो और चार्जिंग सुविधा तैयार कर ली गई है। ट्रायल के बाद अब नियमित सेवा शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
दुर्ग-भिलाई। इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने के बाद शहर और आसपास के क्षेत्रों में रोजाना सफर करने वाले लोगों को सार्वजनिक परिवहन का नया विकल्प मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को इससे सुविधा मिलने की उम्मीद है। डीजल-पेट्रोल से चलने वाले वाहनों की तुलना में इलेक्ट्रिक बसों से प्रदूषण और ईंधन पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी।
सिकोला भाठा में तैयार किया गया डिपो
ई-बसों के संचालन के लिए दुर्ग के कांदबरी नगर क्षेत्र स्थित सिकोला भाठा में डिपो तैयार किया गया है। यहां बसों की पार्किंग के साथ चार्जिंग पॉइंट की व्यवस्था की गई है। बसों को निर्धारित रूट पर भेजने से पहले डिपो में चार्ज किया जाएगा। इसके बाद अलग-अलग रूट पर इनका संचालन होगा।
दुर्ग से रायपुर तक कनेक्टिविटी
ई-बस सेवा की योजना केवल दुर्ग-भिलाई शहर तक सीमित नहीं रखी गई है। प्रस्तावित रूटों के जरिए दुर्ग को आसपास के ग्रामीण इलाकों और रायपुर से जोड़ने की तैयारी है। इससे शहर में आने-जाने वाले यात्रियों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से रोजगार, शिक्षा और अन्य कामों के लिए शहर आने वाले लोगों को भी सुविधा मिल सकती है।
11 रूटों पर दौड़ाने की तैयारी
प्रस्तावित रूटों में दुर्ग बस स्टैंड से बेरला, पावर हाउस, साजा और गंडई, जबकि दुर्ग रेलवे स्टेशन से गुंडरदेही, पाटन, चंदूलाल अस्पताल, उतई, रायपुर बस स्टैंड, माना एयरपोर्ट और नया रायपुर शामिल हैं।
प्रस्तावित प्रमुख रूट इस प्रकार हैं—
दुर्ग बस स्टैंड से बेरला बस स्टैंड
दुर्ग रेलवे स्टेशन से गुंडरदेही
दुर्ग रेलवे स्टेशन से चंदूलाल अस्पताल
दुर्ग बस स्टैंड से पावर हाउस बस स्टैंड
दुर्ग बस स्टैंड से साजा बस स्टैंड
दुर्ग बस स्टैंड से गंडई बस स्टैंड
दुर्ग रेलवे स्टेशन से पाटन
दुर्ग बस स्टैंड से उतई
दुर्ग रेलवे स्टेशन से रायपुर बस स्टैंड
दुर्ग रेलवे स्टेशन से माना एयरपोर्ट
दुर्ग रेलवे स्टेशन से नया रायपुर
सुरक्षा के साथ डिजिटल सुविधाएं भी
ई-बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। बसों में सीसीटीवी कैमरे, लाइव लोकेशन ट्रैकिंग और मोबाइल ऐप के जरिए टिकट लेने की सुविधा प्रस्तावित है। इससे यात्रियों को बस की स्थिति की जानकारी मिल सकेगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।
20 बसों से शुरुआत, आगे बढ़ेगा दायरा
दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के लिए स्वीकृत 50 बसों में से पहले चरण में 20 बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी है। ट्रायल सफल होने के बाद नियमित संचालन शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही आने वाले समय में स्वीकृत शेष बसों को भी सेवा में शामिल किए जाने की योजना है।