दो महीने तक समय पर किराया देकर जीता भरोसा, फिर दूसरे शहरों में प्रॉपर्टी दिलाने के नाम पर कराया निवेश; 4.63 लाख रुपए किराया भी बकाया
राजधानी रायपुर में मकान किराये पर लेने के बहाने महिला से लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले दो महीने तक नियमित किराया देकर मकान मालकिन का विश्वास हासिल किया। इसके बाद भोपाल समेत छह शहरों में मकान किराये पर लेकर उनके संचालन और सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर 28.55 लाख रुपए निवेश करा लिए। रकम वापस मांगने पर टालमटोल शुरू कर दी। पीड़िता की शिकायत पर मुजगहन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायपुर। ग्रीन विले सिटी बोरियाकला निवासी ज्योति सोनी ने एवेना कंपनी के संचालकों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, कंपनी के प्रतिनिधियों ने पहले उनका मकान किराये पर लिया और शुरुआती दो महीने तक नियमित भुगतान किया। इससे महिला को कंपनी की आर्थिक स्थिति और कारोबार पर भरोसा हो गया। बाद में आरोपियों ने दूसरे शहरों में मकान किराये पर लेकर उनका संचालन करने की योजना बताई और इसमें निवेश करने पर अतिरिक्त मुनाफे का लालच दिया।
इंस्टाग्राम विज्ञापन से शुरू हुआ संपर्क
मार्च 2026 में ज्योति सोनी ने इंस्टाग्राम पर एवेना कंपनी का विज्ञापन देखा था। इसमें ऋतिक अग्रवाल और अर्जुन अरोरा द्वारा संपत्तियां किराये पर लेने और ऑनलाइन संचालन से जुड़ा काम बताया गया था। विज्ञापन के माध्यम से उनका संपर्क कंपनी के प्रतिनिधि अजय अग्रवाल से हुआ। उसने मकान किराये पर लेने और नियमित भुगतान का भरोसा दिया। शुरुआती दो महीने किराया मिलने के बाद महिला ने निवेश के प्रस्ताव पर भी भरोसा कर लिया।
पहले 10 लाख लगाए, फिर बढ़ती गई रकम
आरोपियों ने महिला को बताया कि भोपाल सहित अन्य शहरों में मकान किराये पर लेने के लिए मकान मालिकों को सिक्योरिटी डिपॉजिट देना होता है। इस काम में निवेश करने पर नियमित मुनाफा मिलेगा। महिला ने 8 मई को 50 हजार, 11 मई को 4.50 लाख और 15 जून को 5 लाख रुपए बैंक के जरिए जमा किए। इस तरह शुरुआती निवेश 10 लाख रुपए हुआ। शिकायत में कहा गया है कि मई, जून और जुलाई में उन्हें मुनाफे की रकम भी दी गई।
छह शहरों में कारोबार का दिया झांसा
शुरुआती निवेश के बाद आरोपियों ने भोपाल, देहरादून, नासिक, भीमताल, गोवा और जयपुर में नई संपत्तियां किराये पर लेने का काम मिलने की जानकारी दी। इसके लिए अतिरिक्त पूंजी की जरूरत बताई गई। निवेश के बदले लिखित अनुबंध और सुरक्षा चेक देने का आश्वासन भी दिया गया। इस भरोसे में महिला ने अलग-अलग तारीखों पर 18.55 लाख रुपए और जमा कर दिए। इस तरह कुल रकम 28.55 लाख रुपए हो गई।
दस्तावेज मांगे तो बनाने लगे बहाने
पीड़िता का आरोप है कि अजय अग्रवाल के नाम से बात करने वाला व्यक्ति कंपनी का निदेशक ऋतिक अग्रवाल है, जबकि आर्यन नाम से संपर्क करने वाला व्यक्ति अर्जुन अरोरा बताया गया है। जब महिला ने निवेश से संबंधित लिखित समझौता और सुरक्षा चेक मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे। महिला ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई तो पता चला कि जिन मकान मालिकों को सिक्योरिटी डिपॉजिट देने के नाम पर रकम ली गई थी, उन्हें कथित तौर पर भुगतान ही नहीं किया गया। महिला का 4.63 लाख रुपए किराया भी बकाया है। इसके बाद उन्होंने मुजगहन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।