रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप की फर्में जांच के दायरे में, रायपुर-बिलासपुर समेत कई शहरों में एक साथ कार्रवाई
छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह आयकर विभाग ने बड़े कारोबारी समूहों के खिलाफ एक साथ जांच अभियान शुरू किया। रायगढ़ में रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप से जुड़ी फर्मों के चार ठिकानों पर अधिकारियों ने दबिश दी। वहीं रायपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में भी कार्रवाई की सूचना है। टीमें कारोबारी दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और आयकर से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही हैं।
रायगढ़। आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों ने बुधवार तड़के छत्तीसगढ़ के कई शहरों में कारोबारी प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। रायगढ़ में रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप से संबंधित फर्मों को जांच के दायरे में लिया गया है। सुबह करीब 5 बजे 12 से 15 अधिकारियों की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचीं। बर्बरीक हाउस सहित चार स्थानों पर जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, दोनों कारोबारी समूह आपस में जुड़े हुए हैं और संयुक्त रूप से कारोबार करते हैं। इसी आधार पर इनसे संबंधित प्रतिष्ठानों में एक साथ जांच शुरू की गई है। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कारोबारी गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज, आय-व्यय का ब्योरा और वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड खंगाले।
कर चोरी की आशंका पर कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, कर संबंधी अनियमितताओं की जानकारी मिलने के बाद विभाग ने यह जांच अभियान शुरू किया है। अधिकारियों की टीमें फर्मों के वित्तीय रिकॉर्ड और कारोबार से संबंधित विभिन्न दस्तावेजों का मिलान कर रही हैं। इसके साथ ही लेन-देन के ब्योरों की भी पड़ताल की जा रही है।
कई शहरों में एक साथ पहुंचीं टीमें
रायगढ़ के अलावा रायपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में भी आयकर विभाग की कार्रवाई की सूचना है। हालांकि, विभाग की ओर से अब तक छापेमारी के कारणों और जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही संभावित कर अनियमितताओं और कार्रवाई के परिणामों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।