दोपहिया वाहनों से घूम-घूमकर करते थे नशे की सप्लाई, 10.30 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल और नकदी सहित 4.22 लाख का सामान जब्त
दुर्ग-भिलाई और रायपुर के अलग-अलग इलाकों में चिट्टा बेचने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दोपहिया वाहनों से घूमकर नशे की बिक्री करते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 10.30 ग्राम चिट्टा सहित कुल 4 लाख 22 हजार 200 रुपए की सामग्री जब्त की है।
दुर्ग-भिलाई। शहर और आसपास के इलाकों में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने चिट्टा (हेरोइन) की अवैध बिक्री में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में नशे का मुख्य सप्लायर भी शामिल है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी दुर्ग-भिलाई से लेकर रायपुर तक अलग-अलग स्थानों पर घूमकर नशे की सप्लाई और बिक्री करते थे।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को सूचना मिली थी कि कोहका स्थित इमली तालाब के पास एक युवक चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक मृत्युंजय दुबे (27) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 3.58 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पूछताछ में मृत्युंजय ने बताया कि वह कृष्णा नगर सुपेला निवासी विकास पाल (23) से नशे का सामान खरीदता था और उसे रायपुर में बेचता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने स्टील सिटी कॉलोनी में दबिश देकर विकास पाल को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 6.72 ग्राम चिट्टा मिला। पुलिस के मुताबिक विकास इस नेटवर्क में मुख्य सप्लायर की भूमिका निभा रहा था।
दोपहिया वाहनों से करते थे सप्लाई
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी अपने पास चिट्टा रखकर दुर्ग-भिलाई और रायपुर के विभिन्न इलाकों में घूमते थे। नशे की खेप पहुंचाने और ग्राहकों तक सामान बेचने के लिए दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया जाता था। मोबाइल फोन के जरिए दोनों आपस में संपर्क बनाए रखते थे और सप्लाई का काम संचालित करते थे।
4.22 लाख रुपए की सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 10.30 ग्राम चिट्टा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 6 हजार रुपए आंकी गई है। इसके अलावा रेडमी और वनप्लस के दो मोबाइल फोन, एक एक्टिवा, एक सुजुकी एक्सेस और 11 हजार 200 रुपए नकद जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 4 लाख 22 हजार 200 रुपए बताया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।