कोरबा के सरकारी स्कूल के 7 बच्चे वीडियो में दिखे, दो छात्राएं सिगरेट पीतीं और पांच छात्र गांजा पीते आए नजर; प्रबंधन ने टीसी जारी करने का नोटिस दिया
स्कूल में पढ़ाई के समय कक्षाओं से गायब होकर नशा करने वाले छात्र-छात्राओं का मामला सामने आया है। कोरबा जिले के पाली ब्लॉक स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कोरबी धतूरा के सात बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन में हलचल मच गई है। वीडियो में दो छात्राएं और पांच छात्र नशीले पदार्थों का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। मामले में स्कूल प्रबंधन ने संबंधित बच्चों को टीसी जारी करने के लिए नोटिस दिया है।
कोरबा। स्कूली बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और अनुशासनहीनता का एक मामला कोरबा जिले में सामने आया है। पाली विकासखंड के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कोरबी धतूरा के सात विद्यार्थियों का नशा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो 14 नवंबर का है। इसमें कक्षा नौवीं की दो छात्राएं स्कूल से बाहर जाने के बाद शराब और सिगरेट का सेवन करती नजर आ रही हैं। वहीं, पांच छात्र स्कूल की गणवेश में गांजा पीते दिखाई दे रहे हैं।
बताया गया है कि छात्राओं ने खुद वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो में एक छात्रा यह कहते हुए सुनाई दे रही है कि वे स्कूल से बाहर आ गई हैं और उसकी साथी ने अधिक नशा किया है। वह यह भी कहती है कि गांव और स्कूल के लोगों को उनके सिगरेट पीने की जानकारी है। वीडियो में छात्राओं की बातचीत और गाली-गलौज भी सुनाई दे रही है।
स्कूल प्रबंधन ने बुलाई अभिभावकों की बैठक
वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शाला प्रबंधन समिति और संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों की बैठक बुलाई। प्राचार्य बलभद्र सिंह ने बैठक में पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद नशा करते दिखाई दिए दो छात्राओं और पांच छात्रों को स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) जारी करने के संबंध में नोटिस दिया गया।
प्राचार्य ने पूरे घटनाक्रम से जिला शिक्षा अधिकारी को भी पत्र के माध्यम से अवगत कराया है। हालांकि, जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय से इस मामले में उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
अभिभावकों ने जताई नाराजगी
वीडियो वायरल होने के बाद बच्चों के अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि स्कूल में अनुशासन बनाए रखने के साथ ही विद्यार्थियों की गतिविधियों पर स्कूल के बाहर भी नजर रखने की जरूरत है। अभिभावकों ने बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए स्कूल और परिवार दोनों स्तरों पर निगरानी और जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई है।
पहले भी उठ चुके हैं शिक्षा व्यवस्था पर सवाल
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर जिला शिक्षा अधिकारी पर लापरवाही के आरोप लगाए थे। फिलहाल वायरल वीडियो से जुड़े मामले में स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग की ओर से जांच की जा रही है।