पुरानी रंजिश में दो बाइक से पहुंचे हमलावरों ने श्रीराम यादव पर चाकू और कड़े से किया था हमला, ढाई साल बाद अदालत का फैसला
दुर्ग के बहुचर्चित श्रीराम यादव उर्फ मंत्री हत्याकांड में करीब ढाई साल बाद अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश शेख अशरफ की अदालत ने हत्या के मामले में चार आरोपियों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। वहीं, हत्या की साजिश रचने और आरोपी को संरक्षण देने के आरोपों से घिरे पूर्व भाजपा पार्षद अजय दुबे को पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया।
दुर्ग-भिलाई। गंजपारा नाका चौक पर 21 मई 2024 की रात हुई श्रीराम यादव उर्फ मंत्री की हत्या के मामले में अदालत ने 18 नवंबर 2026 को महत्वपूर्ण फैसला सुनाया। न्यायालय ने अक्षत दुबे उर्फ मान्या, शुभम शर्मा, वंश राजपूत और अमिताभ उर्फ चंदु को हत्या तथा रास्ता रोककर हमला करने का दोषी माना। चारों को हत्या के मामले में आजीवन कारावास और एक-एक हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई गई है। रास्ता रोकने के मामले में भी एक महीने की साधारण कैद और 500 रुपए जुर्माना लगाया गया है।
अदालत ने चारों आरोपियों को आपराधिक साजिश के मामले में भी दोषी ठहराया है। वहीं, अक्षत और शुभम को सार्वजनिक स्थान पर बटनदार चाकू रखने और उसका इस्तेमाल करने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत दो और तीन साल की सश्रम कैद की अतिरिक्त सजा सुनाई गई है। दोनों पर संबंधित धाराओं में 500-500 रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।
दो बाइक से पहुंचे थे हमलावर, घेरकर किया था हमला
अभियोजन पक्ष के अनुसार, 21 मई 2024 को रात करीब 8.15 बजे श्रीराम यादव गंजपारा नाका चौक के पास थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। पुरानी रंजिश को लेकर उनका रास्ता रोकने के बाद चाकू और कड़े से ताबड़तोड़ हमला किया गया। गंभीर चोटों के कारण श्रीराम यादव की मौत हो गई थी।
चश्मदीदों की गवाही बनी सजा का आधार
मुकदमे की सुनवाई के दौरान चश्मदीद गवाह मुन्ना और बलराम यादव के बयान अभियोजन के लिए अहम साबित हुए। मुन्ना ने अदालत को बताया कि अक्षत और शुभम ने चाकू से वार किया था, जबकि अमिताभ ने कड़े से हमला किया। बलराम यादव ने भी दो बाइक से आए हमलावरों द्वारा रास्ता रोककर मारपीट और हमला किए जाने की पुष्टि की।
अदालत ने दोनों गवाहों के बयानों में कोई ऐसा महत्वपूर्ण विरोधाभास नहीं पाया, जिससे उनकी विश्वसनीयता पर सवाल उठता। इसके अलावा घटनास्थल पर मौजूद लोगों, पुलिसकर्मियों और अन्य गवाहों के बयान भी न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
पोस्टमार्टम करने वाली डॉक्टर वैशाली साहू ने अपनी गवाही में बताया कि मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से चोटें थीं। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हाइपोवोलेमिक शॉक हुआ, जो मौत की वजह बना। मेडिकल रिपोर्ट ने अभियोजन के आरोपों को मजबूती दी।
वीडियो को नहीं माना विश्वसनीय साक्ष्य
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने वीडियो साक्ष्य की प्रमाणिकता पर सवाल उठाए। अदालत ने पाया कि वीडियो किसने बनाया था, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। इसके प्रमाणीकरण के लिए जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए थे। इसलिए न्यायालय ने वीडियो को भरोसेमंद साक्ष्य के रूप में स्वीकार नहीं किया। हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया कि चश्मदीद गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य दोष सिद्ध करने के लिए पर्याप्त हैं।
पूर्व पार्षद अजय दुबे को मिला संदेह का लाभ
मामले में आरोपी बनाए गए दुर्ग नगर निगम के पूर्व भाजपा पार्षद अजय दुबे को अदालत ने बरी कर दिया। उन पर हत्या की साजिश रचने और एक आरोपी को छिपाने या संरक्षण देने का आरोप था। न्यायालय ने मोबाइल फोन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड सहित उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया, लेकिन हत्या की योजना में उनकी भूमिका या किसी आरोपी को संरक्षण देने की बात प्रमाणित नहीं हो सकी।
अदालत के मुताबिक, आपराधिक साजिश साबित करने के लिए आरोपियों के बीच योजना और सहमति के ठोस प्रमाण जरूरी हैं। ऐसे साक्ष्य नहीं मिलने पर अजय दुबे को संदेह का लाभ दिया गया।
पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की प्रक्रिया के निर्देश
अदालत ने श्रीराम यादव की हत्या से परिवार को हुई मानसिक और अन्य क्षति को ध्यान में रखते हुए पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए फैसले की प्रति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग को भेजने का आदेश दिया गया है।