एक ही कमरे में मिले तीनों के शव, जहर सेवन की आशंका; पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद की बात आई सामने
बलौदाबाजार जिले के गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र के ग्राम सुकली में एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार तड़के तीनों के शव घर के एक कमरे में मिले। प्रारंभिक जांच में जहर सेवन की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असली वजह रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



बलौदाबाजार। ग्राम सुकली में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के कमरे में महिला और उसके दो बच्चों के शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही गिरौदपुरी चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतकों की पहचान युक्ति मानिकपुरी (28), पति संजय मानिकपुरी, उसके बेटे चिरंजीव मानिकपुरी (10) और करीब 5 वर्षीय दिव्यांश मानिकपुरी के रूप में हुई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में तीनों की मौत जहर सेवन से होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच के दौरान मृतिका के परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ की गई। इस दौरान महिला और उसके पति के बीच पारिवारिक विवाद होने की जानकारी भी सामने आई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई।
मामले में ग्राम निवासी चैनदास मानिकपुरी (50), पिता रुपदास की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। तीनों शवों का विधिवत पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल घटनाक्रम के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।