व्यापारिक संगठन सीटीआई ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर जताया आभार, कहा- सोना कम खरीदने की अपील से निवेशकों और ज्वेलर्स को हुआ फायदा
नई दिल्ली (ए)। सोने की कीमतों में आई बड़ी गिरावट को लेकर चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को अहम बताया है। संगठन ने 22 नवंबर को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सोने की खरीदारी सीमित रखने की सलाह के लिए आभार जताया। सीटीआई का दावा है कि इस अपील से ज्वेलरी कारोबारियों और निवेशकों को ऊंचे भाव पर सोने का स्टॉक खरीदने से बचने में मदद मिली। संगठन के अनुसार, सोने की कीमत 1.90 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम से घटकर करीब 1.25 लाख रुपए रह गई है।
सीटीआई ने प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि जब सोने की अनावश्यक खरीदारी से बचने की अपील की गई थी, उस समय सोने का भाव करीब 1.90 करोड़ रुपए प्रति किलोग्राम था। अब यह घटकर लगभग 1.25 करोड़ रुपए प्रति किलोग्राम रह गया है। इस तरह एक किलोग्राम सोने की कीमत में करीब 65 लाख रुपए की कमी आई है। प्रति 10 ग्राम के हिसाब से देखें तो भाव में लगभग 65 हजार रुपए की गिरावट दर्ज की गई है।
संगठन का कहना है कि आभूषण कारोबारी आमतौर पर कई महीनों की बिक्री को ध्यान में रखते हुए सोने का पर्याप्त स्टॉक रखते हैं। यदि कारोबारियों ने पहले ऊंची कीमतों पर बड़ी मात्रा में सोना खरीदा होता और बाद में बाजार भाव गिरता, तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता था। सीटीआई के मुताबिक, प्रधानमंत्री की अपील से कारोबारियों को इस संभावित नुकसान से बचने में मदद मिली। वहीं, मौजूदा शादी के सीजन में कम कीमतों का लाभ ग्राहकों को भी मिल रहा है।
लखनऊ में प्रधानमंत्री ने फिर किया अपील का जिक्र
यह घटनाक्रम प्रधानमंत्री के लखनऊ में दिए गए बयान के एक दिन बाद सामने आया है। प्रधानमंत्री ने वहां अपने संबोधन में गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील का उल्लेख किया था। उन्होंने कहा था कि देशवासियों द्वारा सोने की खरीद कम करने से इसकी कीमतों में गिरावट आई और लोगों की बचत सुरक्षित रही।
10 मई को की थीं सात अपीलें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 मई 2026 को सिकंदराबाद में देशवासियों से सात अपीलें की थीं। उस समय पश्चिम एशिया में जारी संकट और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच विदेशी मुद्रा बचाने पर जोर दिया गया था। इन अपीलों में सोने की खरीदारी सीमित रखने, विदेश यात्राओं में कटौती करने, ईंधन बचाने, स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और घर से काम करने को प्राथमिकता देने जैसी बातें शामिल थीं।
हालांकि, प्रधानमंत्री की इन अपीलों को लेकर उस समय राजनीतिक विवाद भी हुआ था। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा समेत विपक्ष के कई नेताओं ने सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए थे। विपक्ष का आरोप था कि सरकार आर्थिक चुनौतियों का बोझ आम जनता पर डालने का प्रयास कर रही है।
दिल्ली-एनसीआर के कारोबारियों का संगठन है सीटीआई
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) दिल्ली-एनसीआर के व्यापारियों और उद्योगपतियों का संगठन है। यह मुख्य रूप से दिल्ली के थोक एवं खुदरा कारोबारियों की समस्याओं, मांगों और व्यावसायिक मुद्दों को सरकार के सामने रखता है। संगठन व्यापार और उद्योग से जुड़े नीतिगत मामलों में भी अपनी राय प्रस्तुत करता है।