कच्छ में ट्रक से टकराई कार, सेना के जवानों के परिवारों के 7 लोगों की गई जान; जूनागढ़ में स्विफ्ट पलटने के बाद आग का गोला बनी, 3 की मौत
अहमदाबाद (ए)। गुजरात में शनिवार रात और रविवार सुबह हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों ने 10 परिवारों की खुशियां छीन लीं। कच्छ में ट्रक और कार की आमने-सामने हुई भिड़ंत में सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं। इनमें से सभी सेना के जवानों के परिवारों से जुड़े थे। वहीं, जूनागढ़ जिले में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें आग लग गई। हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा कार से बाहर गिरने के कारण बच गईं।
कच्छ में ट्रक से भिड़ंत, कार के उड़े परखच्चे
कच्छ में शनिवार रात करीब 10 बजे नेशनल हाईवे पर ट्रक और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई। उसमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। इनमें महज तीन महीने की एक बच्ची भी थी।
जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से संबंधित थे। वे रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद वापस भुज लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
मलबे में फंसे रहे शव, कई घंटे चला बचाव अभियान
टक्कर के बाद कार का ढांचा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। राहत एवं बचाव दल को शवों को बाहर निकालने में कई घंटे मशक्कत करनी पड़ी। मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), तीन महीने की बेटी शिविका, राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षित, रिंकी गोसाईं (30) और चार वर्षीय बेटी वामिका के रूप में हुई है।

जूनागढ़ में पलटी स्विफ्ट, आग लगने से तीन की मौत
दूसरा हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे केशोद-बालागाम मार्ग पर घामिडाना गांव के पास हुआ। जूनागढ़ से माधवपुर की ओर जा रही लाल रंग की स्विफ्ट कार तेज रफ्तार में एक मोड़ पर अनियंत्रित हो गई। कार सड़क किनारे पत्थर से टकराने के बाद पलट गई और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
कार में चार लोग सवार थे, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। हादसे में तीन लोगों की जलने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नंदनी पोपट, डेनिस दिवराणिया और झलक मशरू के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 25 से 27 वर्ष बताई गई है।
शीशा टूटने से बाहर गिरीं इन्फ्लुएंसर, बची जान
इस हादसे में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा की जान बच गई। बताया गया कि वह कार की अगली सीट पर बैठी थीं। टक्कर के दौरान शीशा टूटने से वह उछलकर सड़क किनारे खेत में जा गिरीं। उन्हें तत्काल एंबुलेंस से केशोद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही दमकल, आपातकालीन सेवा 112 और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
प्रधानमंत्री ने दो-दो लाख रुपए की सहायता घोषित की
कच्छ हादसे में सात लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपए की सहायता दी जाएगी।